उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड को विश्वस्तरीय वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही सरकार: मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विश्वस्तरीय वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘वेड इन उत्तराखंड’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए वेडिंग टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे पर्यटन, स्वरोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत बनेगी आकर्षण का केंद्र

बुधवार को मसूरी-देहरादून मार्ग स्थित पुनर्नवा वेलनेस रिजॉर्ट, किमाड़ी में इंटरनेशनल कन्वेंशन ऑफ इवेंट इंडस्ट्रीज (ICEI) द्वारा आयोजित ‘ग्रेस हिन्दुस्थान 2.0 उत्तराखंड’ राष्ट्रीय वेडिंग प्रोफेशनल्स सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिक विरासत और समृद्ध सांस्कृतिक पहचान के कारण डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए बेहद उपयुक्त राज्य है।

उन्होंने कहा कि राज्य के कई प्रमुख स्थलों को विश्वस्तरीय वेडिंग केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इनमें त्रियुगीनारायण, ओंकारेश्वर (ऊखीमठ), टिहरी, मसूरी और रामनगर जैसे पर्यटन स्थल शामिल हैं।

स्थानीय लोगों को मिलेंगे रोजगार के नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वेडिंग टूरिज्म के विस्तार से होटल उद्योग के साथ-साथ होमस्टे संचालकों, स्थानीय कारीगरों, लोक कलाकारों, टैक्सी चालकों और छोटे व्यापारियों को भी रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। इससे प्रदेश की स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वेडिंग टूरिज्म के साथ-साथ स्पिरिचुअल और वेलनेस टूरिज्म को भी प्राथमिकता दे रही है। केदारखंड और मानसखंड मंदिर क्षेत्रों के विकास, हरिद्वार-ऋषिकेश, विवेकानंद, गोल्ज्यू, यमुना और शारदा कॉरिडोर जैसी योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

बेहतर कनेक्टिविटी से बढ़ेगा पर्यटन और निवेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था, निवेश के लिए अनुकूल नीतियां और सड़क, रेल, रोपवे एवं हवाई सेवाओं पर आधारित ट्रिपल आर (Triple R) कनेक्टिविटी के विकास से उत्तराखंड निवेशकों की पसंद बन रहा है।

उन्होंने कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, रोपवे योजनाएं, जौलीग्रांट एवं पंतनगर हवाई अड्डों का विस्तार और हेलीपोर्ट विकास जैसी परियोजनाएं राज्य के पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक होंगी।

उत्तराखंड को वैश्विक वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने देशभर से पहुंचे वेडिंग प्लानर्स, इवेंट विशेषज्ञों और निवेशकों से उत्तराखंड के पर्यटन विकास में भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड को विश्व के प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button