
देहरादून स्थित सामुदायिक भवन, नागल हटनाला में रविवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को कुल 616.67 लाख रुपये की लागत से किए जाने वाले विकास कार्यों की जानकारी दी।
प्रमुख विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने वार्ड 04, राजपुर में 398.96 लाख रुपये की लागत से निर्मित नागल हटनाला पेयजल योजना तथा मंडी परिषद की 23 लाख रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इसके साथ ही, वार्ड के अंतर्गत नागल हटनाला, चालंग एवं कुल्हान क्षेत्रों में सड़कों और नालियों के निर्माण कार्यों का 188.36 लाख रुपये की लागत से शिलान्यास किया गया।
जनहित और मूलभूत सुविधाओं पर जोर
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोपरि रखते हुए मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि पेयजल, सड़क और नाली जैसे विकास कार्य आमजन के जीवन स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंतरिक सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और सभी कार्य तय समयसीमा में पूर्ण किए जाएं।
वरिष्ठ नागरिकों और कार्यकर्ताओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने वरिष्ठ नागरिकों और पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया। सम्मानित व्यक्तियों में पूर्व प्रधान चालंग रामलाल ठाकुर, प्रेम पाठक, मीनाक्षी भट्ट, कमल गुप्ता, रविंद्र सिंह, कलम सिंह रमोला, राखी पुंडीर, रणवीर और उमेश त्यागी सहित अन्य लोग शामिल थे।
कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थितियां
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, पार्षद महिमा पुंडीर, पूर्व प्रधान समीर पुंडीर, मंडल महामंत्री अल्का कुल्हांन, अनुज कौशल, प्रमोद रावत, विक्रम इंद्रवाल, प्रेम पाठक, लोक निर्माण विभाग के ईई राजेश कुमार, जल निगम के ईई दीपक नौटियाल, सुधीर पुंडीर, राजेश रमोला, मंजीत रावत, संजय रावत सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



