
देहरादून। प्रदेश के 10 हजार बेरोजगार युवाओं को देशभर की बहुराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग आगामी चार माह में प्रदेशभर में चार रोजगार मेले आयोजित करेगा। इन रोजगार मेलों में विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, सेवायोजन और कौशल विकास विभाग भी संयुक्त रूप से भागीदारी करेंगे।
रोजगार मेलों की तैयारियां शुरू करने के निर्देश
तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को अपने शासकीय आवास पर विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को रोजगार मेलों की तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
डॉ. रावत ने कहा कि सरकार अब तक स्थायी, संविदा और आउटसोर्सिंग के माध्यम से 42 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा चुकी है। उन्होंने अधिकारियों से रोजगार मेलों को प्रभावी बनाने और अधिक से अधिक युवाओं को इनसे जोड़ने के निर्देश दिए।
श्रीनगर, देहरादून, काशीपुर और अल्मोड़ा में होंगे मेले
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने बताया कि गढ़वाल मंडल में श्रीनगर और देहरादून, जबकि कुमाऊं मंडल में काशीपुर और अल्मोड़ा में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। इन मेलों में पॉलीटेक्निक, आईटीआई और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के पासआउट एवं अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके अलावा विद्यालयी शिक्षा के तहत व्यावसायिक पाठ्यक्रम पूरा कर चुके युवाओं, उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को भी निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर दिलाने की योजना है।
एक सप्ताह में शुरू होगा ऑनलाइन पंजीकरण
डॉ. रावत ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर रोजगार मेलों के लिए नि:शुल्क ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और युवाओं के लिए आसानी से उपलब्ध बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थी इसमें भाग ले सकें।
उन्होंने रोजगार मेलों के आयोजन को लेकर विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, सेवायोजन और कौशल विकास विभाग की संयुक्त बैठक बुलाकर पूरी कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के निर्देश भी दिए।
विभागों में बनेगा मीडिया सेल
बैठक के दौरान तकनीकी शिक्षा मंत्री ने विभागीय मुख्यालयों में मीडिया सेल गठित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मीडिया सेल का उद्देश्य विभागीय गतिविधियों और सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना होगा।
मीडिया सेल द्वारा विभागीय वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नियमित रूप से अपडेट किया जाएगा। साथ ही सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों, विकास कार्यों और नवाचारों से संबंधित जानकारी भी जनता तक पहुंचाई जाएगी।
प्रत्येक मीडिया सेल में आईटी और तकनीकी रूप से दक्ष तीन कार्मिकों को जिम्मेदारी दी जाएगी। इन कार्मिकों के माध्यम से विभागीय सूचनाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से प्रसारित किया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों ने की बैठक में शिरकत
बैठक में सचिव उच्च शिक्षा बीवीआरसी पुरुषोत्तम, सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. रंजीत सिन्हा, तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. तृप्ता ठाकुर, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



