उत्तराखंडराज्य

लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ भाजपा की गढ़वाल मंडल बैठक

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को हरिद्वार रोड स्थित अतिथि सामुदायिक भवन में भाजपा गढ़वाल मंडल की एक दिवसीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे कथित झूठ, भ्रम और अफवाहों का तथ्यों के साथ जवाब देने की अपील की।

चुनाव को बताया एक और बड़ी परीक्षा

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए एक और महत्वपूर्ण परीक्षा है। इसमें शत-प्रतिशत सफलता हासिल करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पूरी ताकत से चुनावी तैयारियों में जुटना होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और प्रदेश की डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे संगठन को और मजबूत करें तथा सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं।

कांग्रेस पर साधा निशाना, पेपर लीक के आरोपों को किया खारिज

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष लगातार झूठ और भ्रम की राजनीति कर रहा है। राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने पेपर लीक से जुड़े आरोपों को खारिज किया। धामी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि नकल के एक मामले में भी सरकार ने सख्त कार्रवाई की है और नकल माफिया जेल में हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और बिना पर्ची-बिना खर्ची के हो रही नियुक्तियों की जानकारी जनता तक पहुंचाने को कहा।

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का तीसरा चरण जल्द

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दो चरण पूरे हो चुके हैं और जल्द ही इसका तीसरा चरण शुरू किया जाएगा। इस चरण में कार्यकर्ताओं को उन पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम करना होगा, जो किसी कारणवश अभी तक इन योजनाओं से वंचित हैं।

SIR को लेकर विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि विपक्ष विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाकर घुसपैठियों और अयोग्य मतदाताओं को बचाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य उत्तराखंड को सुरक्षित बनाना है।

भट्ट ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने की संवैधानिक प्रक्रिया में सक्रिय रूप से सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी का प्रमुख चेहरा हैं और संगठन तथा जनता दोनों का उन पर भरोसा है।

मंडल अध्यक्षों को संगठन मजबूत करने के निर्देश

प्रदेश अध्यक्ष ने सभी मंडल अध्यक्षों से संगठन को मजबूत करने और आगामी पार्टी कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान तिरंगा यात्रा, हर घर तिरंगा अभियान, संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती, 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस, ‘मन की बात’ और बूथ सशक्तीकरण कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

सोशल मीडिया के जरिए सरकार और संगठन के कार्यों को पहुंचाने पर जोर

बैठक में प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने संत रविदास जयंती से संबंधित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन और सरकार के कार्यों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

वहीं, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर जिला और मंडल अध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने किया। बैठक में गढ़वाल मंडल के सभी जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों ने प्रतिभाग किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button