
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत 9 लाख 87 हजार 17 लाभार्थियों को जुलाई 2026 की पेंशन राशि का डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भुगतान किया। इस दौरान लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 146 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरण सुनिश्चित किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि समाज का कमजोर वर्ग सरकार के परिवार का हिस्सा है। सरकार का प्रयास है कि किसी बुजुर्ग माता-पिता, विधवा महिला या दिव्यांग व्यक्ति को पेंशन प्राप्त करने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
वृद्धावस्था पेंशन के सबसे अधिक लाभार्थी
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि जुलाई माह की पेंशन किश्त के तहत विभिन्न योजनाओं के 9 लाख 87 हजार 17 लाभार्थियों को धनराशि जारी की गई है। इनमें ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के करीब 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं। इन लाभार्थियों को वर्तमान में SNA स्पर्श प्रणाली के माध्यम से पेंशन का भुगतान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 6,15,628 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से कुल 92.34 करोड़ रुपये दिए गए हैं। वहीं, विधवा पेंशन के 2,36,983 लाभार्थियों को 35.54 करोड़ रुपये तथा दिव्यांग पेंशन के 89,128 लाभार्थियों को 13.36 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई।
इन पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को भी मिली राशि
इसके अलावा किसान पेंशन योजना के 27,288 लाभार्थियों को करीब 3.20 करोड़ रुपये वितरित किए गए। परित्यक्ता पेंशन के 8,284 लाभार्थियों को 99.40 लाख रुपये, भरण-पोषण अनुदान के 7,383 लाभार्थियों को 51.68 लाख रुपये, तीलू रौतेली पेंशन के 2,196 लाभार्थियों को 26.35 लाख रुपये तथा बौना पेंशन योजना के 127 लाभार्थियों को 1.52 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की गई।
‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से आगे बढ़ रहा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ उत्तराखंड को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य का समग्र विकास तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग का विकास सुनिश्चित हो। सरकार की प्राथमिकता है कि जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिलता रहे।
इस अवसर पर सचिव समाज कल्याण श्रीधर बाबू अद्दांकी, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, अपर सचिव सुन्दरलाल सेमवाल, निदेशक संजय कुमार, अपर निदेशक योगेंद्र रावत, संयुक्त निदेशक जीआर नौटियाल, गोवर्धन सिंह सहित समाज कल्याण विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



