उत्तराखंडराज्य

नयागांव विजयपुर में ₹619.66 लाख की पेयजल परियोजना का शिलान्यास, हजारों लोगों को मिलेगा नियमित जलापूर्ति का लाभ

देहरादून। नयागांव विजयपुर हाथीबड़कला स्थित सामुदायिक भवन में ₹619.66 लाख की लागत से विकसित होने वाली ट्यूबवेल एवं ओवरहेड टैंक पेयजल योजना का विधिवत शिलान्यास कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा किया गया। क्षेत्रवासियों ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए मंत्री जोशी का गर्मजोशी से स्वागत कर आभार व्यक्त किया।

सरकार के विकास मॉडल पर विश्वास
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार तीव्र गति से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार जो भी योजनाएँ शुरू करती है, उनका समय पर लोकार्पण सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ जनता को मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना सरकार की प्रतिबद्धता है।

जनता के द्वार तक पहुंच रहा विकास
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार “जनता की सरकार–जनता के द्वार” की भावना के साथ संवेदनशीलता से कार्य कर रही है। किसी भी छोटी या बड़ी घटना में मुख्यमंत्री और मंत्रीगण का तुरंत मौके पर पहुँचना सरकार की सक्रिय और उत्तरदायी कार्यशैली को प्रदर्शित करता है। मंत्री जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निश्चित समय सीमा में पूरे किए जाएँ। उन्होंने बताया कि परियोजना पूर्ण होने पर क्षेत्र के हजारों लोगों को नियमित पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे स्थानीय जल व्यवस्थाओं को मजबूती मिलेगी और यह योजना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।

क्षेत्र को मिली अतिरिक्त सौगातें
कार्यक्रम के दौरान मंत्री जोशी ने नयागांव सड़क चौड़ीकरण, नवादा स्थित ब्राह्मण सभा भवन में टिन शेड निर्माण तथा सामुदायिक भवन के लिए जनरेटर सेट उपलब्ध कराने की भी घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय सर्वेक्षण विभाग से वार्ता कर सड़क मार्ग खोलने की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाएगी।

उपस्थित जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, ज्योति कोटिया, संध्या थापा, सरोज गुरुंग, हेमा कुमारी प्रधान, राजेंद्र खंडवाल, माधो प्रसाद, राजेंद्र सिंह थापा, समीर डोभाल, कैप्टन दिनेश प्रधान, सुखदेव गुरुंग, मीन बहादुर, जूना गुरुंग, जल निगम के ईई दीपक नौटियाल, ईई सचिन कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button