उत्तराखंडराज्य

अग्निवीर रोजगार सेल का गठन उत्तराखंड के लिए गौरव की बात: भाजपा

देहरादून। भाजपा ने धामी कैबिनेट की ओर से अग्निवीर रोजगार सेल के गठन को उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण पहल बताते हुए इसे देश के अन्य राज्यों के लिए भी अनुकरणीय बताया है। राज्य पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद के अध्यक्ष कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल ने कहा कि यह निर्णय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अग्निवीरों के सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य को लेकर गंभीरता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री की घोषणा को मिली कैबिनेट की मंजूरी

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कर्नल कोठियाल ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी ने 17 जुलाई को देहरादून के कुआंवाला में आयोजित ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम के दौरान अग्निवीर रोजगार सेल के गठन की घोषणा की थी। अब कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद इस घोषणा को अमलीजामा पहनाने का रास्ता साफ हो गया है। सेल के संचालन के लिए छह पदों के सृजन को भी मंजूरी दी गई है।

अग्निवीरों को योग्यता के अनुसार मिलेगा रोजगार

कर्नल कोठियाल ने बताया कि अग्निवीर रोजगार सेल का मुख्य उद्देश्य सेना में चार वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद लौटने वाले उत्तराखंड के अग्निवीरों को उनकी योग्यता, कौशल, सैन्य अनुभव और रुचि के अनुरूप रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

सेल सेना, अर्धसैनिक बलों, केंद्र एवं राज्य सरकार के विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और निजी क्षेत्र के बीच समन्वय स्थापित करेगा। इसके अलावा अग्निवीरों को सरकारी योजनाओं, बैंकिंग प्रक्रियाओं और स्वरोजगार से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। जरूरत के अनुसार उन्हें प्रशिक्षण दिलाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

डिजिटल पोर्टल और सिंगल विंडो सिस्टम से मिलेगी सुविधा

अग्निवीरों के लिए एक डिजिटल पोर्टल तैयार करने की योजना भी है। इसके माध्यम से रोजगार से जुड़ी प्रक्रियाओं की निगरानी की जाएगी। सेल सिंगल विंडो सिस्टम के रूप में काम करेगा, जिससे अग्निवीरों की रोजगार संबंधी जरूरतों और समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान किया जा सके।

कौशल विकास और प्रमाणपत्र दिलाने पर भी जोर

कर्नल कोठियाल ने कहा कि कौशल वीर योजना, आईटीआई और संबंधित संस्थानों के साथ समन्वय कर अग्निवीरों को रोजगार के लिए मान्य प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि विभिन्न सरकारी विभागों और निजी संस्थानों के साथ रोजगार की संभावनाओं को लेकर लगातार संवाद किया जा रहा है। इस दिशा में सकारात्मक प्रतिक्रियाएं भी मिल रही हैं।

सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण

कर्नल कोठियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार पहले ही सरकारी नौकरियों में अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था कर चुकी है। उन्होंने बताया कि अग्निवीर रोजगार सेल सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय के अंतर्गत कार्य करेगा।

अन्य राज्यों के लिए मॉडल बनेगा रोजगार सेल

कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि उत्तराखंड अग्निवीर रोजगार सेल स्थापित करने वाला देश का पहला राज्य बना है। यह पहल आने वाले समय में अन्य राज्यों के लिए भी एक अनुकरणीय मॉडल साबित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं का सेना के प्रति भरोसा बनाए रखना, सैनिकों का मनोबल बढ़ाना और भारतीय सेना को मजबूत बनाने में योगदान देना है।

शहीद सैनिकों की स्मृति में मूर्तियां स्थापित करने के फैसले का स्वागत

कर्नल कोठियाल ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद सैनिकों की स्मृति में उनके पैतृक गांवों में मूर्तियां स्थापित करने के निर्णय का भी स्वागत किया।

पत्रकार वार्ता में पूर्व सैनिक रहे मौजूद

इस अवसर पर कैप्टन भगत राणा, हवलदार विनोद खंडूड़ी, कैप्टन मेहरवान भंडारी, कैप्टन रमेश कुमार, हवलदार अनूप, हवलदार वाईएस पंवार, हवलदार अजय पैन्यूली, कैप्टन नंद किशोर, कैप्टन गणेश जोशी, कैप्टन वीरेंद्र सिंह, कैप्टन विष्णु दत्त शर्मा सहित पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button