
देहरादून। नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई अचानक भीषण बाढ़ से हुई जनहानि और नुकसान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्राकृतिक आपदा में हुई जन-धन की क्षति को बेहद दुखद और चिंताजनक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में उत्तराखंड की जनता और राज्य सरकार की संवेदनाएं नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ हैं।
दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए की प्रार्थना
मुख्यमंत्री धामी ने आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति और प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते केवल दो पड़ोसी देशों के संबंध नहीं हैं, बल्कि दोनों देश साझी संस्कृति, परंपरा, आस्था और आत्मीयता के मजबूत बंधन से जुड़े हैं। उत्तराखंड और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के रिश्ते रहे हैं।
कुमाऊं और नेपाल के बीच ऐतिहासिक संबंध
धामी ने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र का नेपाल से विशेष आत्मीय संबंध रहा है। पिथौरागढ़, चंपावत सहित सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के नेपाल के साथ ऐतिहासिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक रिश्ते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे में नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा का दर्द उत्तराखंड के लोगों को अपने परिवार के किसी सदस्य के संकट में होने जैसा महसूस हो रहा है।
संकट की घड़ी में नेपाल के साथ खड़ा है उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल की पीड़ा उत्तराखंड की पीड़ा है। संकट की इस घड़ी में प्रदेश की जनता अपने नेपाली भाई-बहनों के साथ पूरी संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ खड़ी है।
उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नेपाल की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है।
हिमालयी क्षेत्र में आपदाओं का खतरा अधिक
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां भारत और नेपाल दोनों को प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से संवेदनशील बनाती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नेपाल सरकार और प्रशासन के नेतृत्व में राहत एवं बचाव अभियान प्रभावी तरीके से संचालित किए जाएंगे और प्रभावित लोगों को जल्द राहत पहुंचाई जाएगी।
प्रभावित लोगों के जल्द सुरक्षित होने की कामना
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की जनता की ओर से नेपाल के शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने प्रभावित लोगों के शीघ्र सुरक्षित होने, घायलों के जल्द स्वस्थ होने और नेपाल में जनजीवन सामान्य होने की कामना की।



