उत्तराखंडराज्य

धामी ने यूनिटी वॉकथॉन से दिया एकता और स्वदेशी का संदेश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर घंटाघर स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में यूनिटी मार्च वॉकथॉन का शुभारंभ किया और स्वयं भी पदयात्रा में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वदेशी अपनाने और नशा मुक्त उत्तराखंड की शपथ दिलाते हुए कहा कि “सरदार पटेल के अदम्य साहस, दूरदर्शिता और राष्ट्र समर्पण की भावना के कारण ही आज भारत एक मजबूत और एकीकृत राष्ट्र के रूप में खड़ा है।”

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का सम्पूर्ण जीवन देश की एकता और अखंडता को समर्पित रहा। उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का विलय कर अखंड भारत की नींव रखी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2014 से उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय, उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्यभर में 16 नवंबर तक प्रत्येक जिले के तीन स्थानों पर वॉकथॉन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रत्येक आयोजन में 8 से 10 किलोमीटर की पदयात्रा के साथ नशा मुक्त भारत, एक पेड़ मां के नाम, और आत्मनिर्भर भारत जैसे जन-जागरूकता अभियानों को भी जोड़ा गया है, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित हो।

उन्होंने कहा कि यह वॉकथॉन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि भारत की विविधता में एकता की भावना को सशक्त करने का माध्यम है। इससे युवाओं में राष्ट्र निर्माण, अनुशासन और सेवा की भावना प्रबल होगी। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए एक भारत, श्रेष्ठ भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लक्ष्य की दिशा में राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस संकल्प को साकार करने में सहभागी बनने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, रेखा आर्या, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजानदास, सविता कपूर, जिलाधिकारी सविन बंसल एवं एसएसपी अजय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button