रूस ले जाकर बनाया सैनिक, अब यूक्रेन युद्ध में रामपुर के युवक की मौत… गांव में मचा कोहराम; आज पहुंचेगा शव

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के एक युवक शावेद की रूस में दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि युवक रूस की सेना में तैनात था और युद्ध के दौरान उसे गोली लग गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों में भी इस खबर से शोक की लहर दौड़ गई है.बता दें कि शावेद का शव शनिवार (4 अप्रैल) की सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचेगा. जिसे लेने के लिए परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं.
पेतृक गांव पहुंचेगा शावेद का पर्थिव शरीर
जानकारी के अनुसार, युवक का पार्थिव शरीर शनिवार को करीब सवा तीन बजे परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा. इसके बाद उसके शव को रामपुर लाया जाएगा. जिसके बाद पेतृक गांव स्वार के मसवासी क्षेत्र के मझरा फतेहगंज में पहुंचेगा.
प्रशासनिक स्तर पर भी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं ताकि अंतिम संस्कार सम्मानपूर्वक किया जा सके. इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. मृतक रामपुर के स्वार इलाके का रहने वाला था. इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
9 महीने पहले रूस गया था युवक
बता दें कि शावेद की उम्र 22 साल है. आज से 9 महीने पहले शावेद स्टील फर्नीचर का काम बताकर नौकरी करने के लिए रूस निकल गया था. परिजनों के मुताबिक करीब दो महीने उसने फर्नीचर का काम किया, लेकिन उसके बाद वह रूसी सेना में भर्ती हो गया. गुरुवार (2 अप्रैल) को ड्यूटी के दौरान उसको गोली लगी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई.
बता दें कि शावेद अपने कंधों पर अकेले घर की जिम्मेदारी संभाल रहा था. स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक शावेद बेहद मेहनती और मिलनसार था. उनका कहना है कि उसकी मौत की खबर ने सभी को झकझोर दिया है. इस घटना की सूचना इलाके में तेजी से फैल गई है.



