
देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW), श्रम विभाग द्वारा विकसित श्रमिक प्रशिक्षण प्रबंधन प्रणाली (Training Management System – TMS) का आज औपचारिक रूप से शुभारंभ किया।
यह पोर्टल पंजीकृत श्रमिकों और उनके आश्रित परिवारजनों के कौशल विकास को पारदर्शी, प्रभावी और पूर्णतः ऑनलाइन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पोर्टल प्रशिक्षण कार्यक्रमों को तकनीकी रूप से जोड़कर पारदर्शिता सुनिश्चित करेगा और कौशल विकास को रोजगार से बेहतर ढंग से जोड़ने में मदद करेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के बाद श्रमिकों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी अन्य आवश्यकताओं पर भी प्रभावी कार्यवाही की जाए।
क्षेत्रीय जरूरतों और प्रशिक्षण प्राथमिकताएँ
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप प्लम्बर, कारपेंटर, इलेक्ट्रीशियन जैसे व्यवसायों में प्रशिक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि इससे स्थानीय श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा और क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने में मदद होगी।
उन्होंने प्रशिक्षणोपरांत फॉरवर्ड लिंकेज को मजबूत करने और श्रम विभाग द्वारा संचालित DBT योजनाओं की सराहना करते हुए UKBOCW को अपनी आय बढ़ाने के निरंतर प्रयास करने के निर्देश भी दिए।
पोर्टल की कार्यप्रणाली और लाभ
श्रम विभाग के सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्दंकी ने बताया कि विभाग मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी योजनाओं को अधिक पारदर्शी और परिणामोन्मुखी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर श्रमायुक्त पी.सी. दुमका ने पोर्टल की कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि TMS के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदाता, मूल्यांकनकर्ता, प्रशिक्षण केंद्र और प्रशिक्षक भारत सरकार में इम्पैनल्ड संस्थाओं और प्रमाणित व्यक्तियों से पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया द्वारा चुने जाएंगे।
उन्होंने आगे बताया कि पोर्टल से प्रशिक्षण कार्यक्रमों में पूर्ण पारदर्शिता, डुप्लीकेसी रोकथाम, प्रशिक्षण गुणवत्ता में सुधार, प्रशिक्षित श्रमिकों का केन्द्रीयकृत डाटाबेस, तथा प्रशिक्षण प्रदाताओं और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।



