
देहरादून/चंडीगढ़। उत्तराखंड के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव एपेक्स बैंक लिमिटेड के मुख्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बैंक की कार्यप्रणाली, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं तथा किसानों, महिलाओं और युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। साथ ही दोनों राज्यों के बीच सहकारिता क्षेत्र में अनुभवों और नवाचारों के आदान-प्रदान पर सहमति बनी।
उत्तराखंड में लागू किए जाएंगे सफल मॉडल
डॉ. रावत ने कहा कि हरियाणा ने सहकारी बैंकिंग के क्षेत्र में पारदर्शिता, आधुनिक डिजिटल सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार इन सफल मॉडलों का अध्ययन कर उन्हें राज्य में लागू करने का प्रयास करेगी, ताकि सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाया जा सके।
ब्याज मुक्त ऋण योजना से किसानों को मिल रहा लाभ
सहकारिता मंत्री ने उत्तराखंड सरकार की दीनदयाल उपाध्याय अल्पकालीन एवं मध्यकालीन ऋण वितरण योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इस योजना के तहत किसानों को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है और कृषि क्षेत्र के विकास को भी गति मिली है।
नवनियुक्त अध्यक्ष को दी शुभकामनाएं
दौरे के दौरान डॉ. धन सिंह रावत ने हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव एपेक्स बैंक के नवनियुक्त अध्यक्ष भारत भूषण जुयाल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर भारत भूषण जुयाल ने उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र में किए गए नवाचारों, शून्य प्रतिशत ब्याज ऋण योजना, सहकारी संस्थाओं के आधुनिकीकरण तथा डिजिटल पहलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के इन प्रयासों की चर्चा अन्य राज्यों में भी हो रही है।
वित्तीय समावेशन और डिजिटल सेवाओं पर हुई प्रस्तुति
बैठक के दौरान बैंक अधिकारियों ने वित्तीय समावेशन, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं तथा किसान हितैषी योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इस अवसर पर बैंक के प्रबंध निदेशक डॉ. प्रफुल्ल रंजन, महाप्रबंधक उर्वशी गुप्ता, उप महाप्रबंधक सुधा शर्मा, प्रबंधक जसपाल पंवार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।



