
देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल गुरुवार को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचे। कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका पारंपरिक स्वागत किया।
दौरे के दौरान वेणुगोपाल ने प्रदेश कांग्रेस संगठन की समीक्षा की और वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें कीं।
पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में चुनावी रणनीति पर मंथन
केसी वेणुगोपाल ने प्रदेश कांग्रेस की नवगठित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए।
बैठक में प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, संगठन की स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
इसके बाद राष्ट्रीय महासचिव ने कांग्रेस के फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ बैठक की। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा भाजपा सरकार की नीतियों को जनता के बीच प्रमुख मुद्दों के रूप में उठाने के निर्देश दिए।
वेणुगोपाल ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों को दूर कर एकजुट होकर वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन से संगठन को मिली नई ऊर्जा: गोदियाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि केसी वेणुगोपाल का उत्तराखंड दौरा पार्टी की चुनावी तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा मिली है और कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी मजबूती के साथ तैयारी कर रही है।
बैठकों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जिला एवं महानगर अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



