उत्तराखंडराज्य

बीकेटीसी में कथित अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस का उपवास, निष्पक्ष जांच की मांग

उखीमठ/रुद्रप्रयाग। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उखीमठ और गुप्तकाशी के कार्यकर्ताओं ने उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में एक दिवसीय उपवास और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) में कथित भ्रष्टाचार, मंदिरों में प्राप्त दान राशि के प्रबंधन तथा केदारनाथ और बदरीनाथ धाम से जुड़े विभिन्न मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग उठाई।

दान राशि और क्यूआर कोड से मिले चढ़ावे का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मंदिरों की दान व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम में क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त दान राशि का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक किया जाए। साथ ही संबंधित व्यक्तियों की जानकारी भी सार्वजनिक करने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर की दान राशि से जुड़े मामले में वास्तविक दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी मांग उठाई।

स्वर्ण प्रकरण और दान से जुड़े मामलों की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केदारनाथ स्वर्ण प्रकरण की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने, केदारनाथ में दान राशि से जुड़े मामलों की जांच रिपोर्ट जनता के सामने रखने तथा बदरीनाथ धाम में दान राशि से संबंधित कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग दोहराई।

आस्था से जुड़े मामलों में जवाबदेही जरूरी: मनोज रावत

इस अवसर पर पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामलों में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया प्रत्येक रुपया लोगों की धार्मिक आस्था का प्रतीक है, इसलिए उससे जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच के बाद उचित कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस अपने आंदोलन को और व्यापक बनाएगी।

कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी रुद्रप्रयाग के अध्यक्ष कुलदीप कंडारी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उखीमठ के अध्यक्ष विनोद राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुप्तकाशी के अध्यक्ष गणेश तिवारी, नगर अध्यक्ष संतोष शैव, आनंद रावत, आलोक बगवाड़ी, चैत सेमवाल, यशपाल नेगी, नरेंद्र कंडारी, महावीर नेगी, उदय सिंह चौहान, बसंती रावत, आशीष नैनवाल, कुंवर साह, प्रकाश गुसाईं, कैलाश पुष्पवान, आरती शैव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दान व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग

कार्यक्रम के समापन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि मंदिरों में दान व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए। साथ ही सभी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएं और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े प्रत्येक मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button