
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को डिफेंस कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति की ओर से आयोजित शिवमहापुराण कथा में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
आध्यात्मिक आयोजनों से मिलती है सकारात्मक ऊर्जा
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवमहापुराण कथा जैसे धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा के साथ नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजन सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही, इनके माध्यम से नई पीढ़ी को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का अवसर मिलता है।
सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा दे रही सरकार
सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पहचान उसकी आध्यात्मिक चेतना और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से है। राज्य सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। इसका उद्देश्य प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को और मजबूत करने के साथ ही समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारे और सद्भाव की भावना को बढ़ावा देना है।
श्रद्धालुओं ने लिया कथा का लाभ
कार्यक्रम के दौरान कथा व्यास और श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। शिवमहापुराण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर आध्यात्मिक आयोजन में सहभागिता की।



