
देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद्, रामनगर (नैनीताल) द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
टॉपर्स से की सीधी बातचीत
मुख्यमंत्री ने हाईस्कूल परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से व्यक्तिगत रूप से फोन पर बातचीत की और उनकी सफलता पर खुशी जाहिर की। उन्होंने छात्रों को आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
इन मेधावी छात्रों को मिली विशेष सराहना
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अक्षत गोपाल (एम.पी. हिन्दू इंटर कॉलेज, रामनगर), इशांत कोठारी (एस.वी.एम. इंटर कॉलेज, चिन्यालीसौड़), भूमिका (जी.बी. पंत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, खैरना) तथा योगेश जोशी (विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मंडलसेरा) से संवाद कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की।
विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये छात्र पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा हैं और उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने छात्रों से निरंतर मेहनत करने और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ते रहने का संदेश दिया।



