उत्तर प्रदेशराज्य

गोरखपुर जनता दर्शन में बोले सीएम योगी- ”चिंता मत करिए, सबकी समस्या का होगा समाधान”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार (26 जून) को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन लगाया और करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि लोगों की शिकायतों का जल्द और संतोषजनक समाधान किया जाए. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होगा और हर मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.

शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक-एक व्यक्ति के पास पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं. लोगों ने जमीन विवाद, मारपीट, पारिवारिक विवाद और इलाज के लिए आर्थिक सहायता जैसी कई समस्याएं उनके सामने रखीं. मुख्यमंत्री ने सभी प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए.

इलाज के लिए पैसों की कमी नहीं बनेगी बाधा

जनता दर्शन में कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीज भी आर्थिक मदद की उम्मीद लेकर पहुंचे थे. मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि पैसे की कमी की वजह से किसी का इलाज नहीं रुकेगा.

उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को आयुष्मान कार्ड और मुख्यमंत्री राहत कोष के जरिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. हृदय रोग से पीड़ित एक महिला को भी उन्होंने राहत कोष से आर्थिक मदद देने का आश्वासन दिया.

भू-माफियाओं और दबंगों पर सख्ती के निर्देश

जमीन पर अवैध कब्जे और मारपीट की शिकायतों को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों में बिल्कुल भी ढिलाई न बरती जाए. जबरन जमीन कब्जाने वाले भू-माफियाओं और दबंगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके.

मुख्यमंत्री ने पारिवारिक विवाद से जुड़े मामलों में भी अधिकारियों को निष्पक्ष जांच करने और उसके आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि हर शिकायत को संवेदनशीलता से सुना जाए और लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें.

गोशाला पहुंचे, की गोसेवा और पूजा-अर्चना

जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर की गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गोसेवा की. इसके बाद मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.

मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में मौजूद लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा, “चिंता मत करिए, हर शिकायत की निष्पक्ष जांच होगी और सभी को न्याय मिलेगा.” अधिकारियों को भी उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button