
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर राज्य में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में सुव्यवस्थित, सुरक्षित और जवाबदेह प्रशासन स्थापित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सड़कें हों गड्ढामुक्त, गुणवत्तायुक्त निर्माण पर विशेष बल
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सड़कों को गड्ढामुक्त कराने की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए और अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण करें। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने को अनिवार्य बताया, ताकि विकास कार्य लंबे समय तक टिकाऊ और प्रभावी साबित हों।
राशन कार्ड, प्रमाण पत्र सत्यापन और फर्जीवाड़े पर कड़ी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान चलाकर राशन कार्डों का सत्यापन कराया जाए और फर्जी तरीके से बने राशन कार्ड, आधार कार्ड, स्थाई प्रमाण पत्र एवं आयुष्मान कार्ड पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने हाल ही में सामने आए फर्जी दस्तावेजों के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए पिछले तीन वर्षों में बने स्थाई निवासी प्रमाण पत्रों की जांच के निर्देश दिए, ताकि बाहरी लोगों को गलत तरीके से बसाने की कोशिशों पर रोक लगाई जा सके।
देवभूमि को ड्रग्स फ्री बनाने की दिशा में सख्ती
मुख्यमंत्री धामी ने अवैध नशा कारोबार करने वालों के खिलाफ कठोर अभियान चलाने, शिक्षण संस्थानों और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और जिले को ड्रग्स मुक्त बनाने हेतु ठोस कदम उठाने को कहा।
अतिक्रमण हटाने, स्वच्छता और रैन बसेरों की व्यवस्था पर निर्देश
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त कार्रवाई करने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। नगर निकाय क्षेत्रों, सड़कों और सरकारी कार्यालयों को साफ-सुथरा रखने पर जोर दिया गया। आने वाली ठंड को देखते हुए रैन बसेरों की पहचान व अलाव जलाने की व्यवस्था भी समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप विकास कार्यों की समीक्षा
रजत जयंती उत्सव में प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए विजन को ध्यान में रखते हुए, मुख्यमंत्री ने सभी जनपदों में त्वरित और प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने अस्पतालों में दवाइयों व उपकरणों की उपलब्धता और महिला व बाल रोग विशेषज्ञों की तैनाती सुनिश्चित करने हेतु सूची शासन को भेजने के निर्देश भी दिए।
सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर
दिल्ली की हालिया घटना को देखते हुए बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की सघन चेकिंग, सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी और बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने और अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी और एसएसपी की रिपोर्ट
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि जिले में राशन कार्ड एवं स्थाई प्रमाण पत्रों का सत्यापन चल रहा है और अपात्र लोगों के कार्ड निरस्त किए जा रहे हैं। सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने और तहसील दिवस, बीडीसी बैठक व चौपालों के माध्यम से जनसुनवाई कर समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बताया कि जिले की सीमाओं व मुख्य मार्गों पर निरंतर चेकिंग हो रही है तथा चौराहों, धार्मिक स्थलों व मुख्य क्षेत्रों में सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी बढ़ाई गई है। उन्होंने नशा-विरोधी कार्रवाई को प्रशासन के सहयोग से लगातार जारी बताय।
अधिकारियों की उपस्थिति
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शशानी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय और कौस्तुभ मिश्र उपस्थित रहे।



