
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जिलों में धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण तथा अन्य विकास कार्यों के लिए लगभग 5 करोड़ रुपये की प्रथम किश्त जारी करने की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं और स्थानीय विकास को गति मिलेगी।
यमकेश्वर क्षेत्र के मंदिरों के सौंदर्यीकरण को मिली मंजूरी
मुख्यमंत्री ने यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के द्वारीखाल ब्लॉक स्थित मां बाल कुंवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 72.67 लाख रुपये के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 43.60 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दी है।
इसी प्रकार, दुगड्डा ब्लॉक स्थित महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 1.69 करोड़ रुपये के सापेक्ष 1.02 करोड़ रुपये की प्रथम किश्त जारी करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
पिथौरागढ़ के मंदिरों के विकास कार्यों को मिली गति
डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में श्री हरिचंद देवता मंदिर के मास्टर प्लान निर्माण के लिए स्वीकृत 1.42 करोड़ रुपये के सापेक्ष 85.08 लाख रुपये की प्रथम किश्त जारी की गई है।
वहीं, पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के मिलम स्थित नंदा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 90.16 लाख रुपये में से 54.09 लाख रुपये की प्रथम किश्त जारी करने को मंजूरी दी गई है।
अल्मोड़ा और डीडीहाट क्षेत्र की परियोजनाओं को भी स्वीकृति
अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र स्थित कलझीपा जोशी के गुरु गोरखनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 99.61 लाख रुपये के सापेक्ष 59.76 लाख रुपये की प्रथम किश्त जारी की गई है।
इसके अलावा डीडीहाट क्षेत्र के मोस्टामानू मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए पूर्व में स्वीकृत 98.27 लाख रुपये में से शेष 39.31 लाख रुपये की धनराशि जारी करने का भी अनुमोदन दिया गया है।
सड़क निर्माण और सुरक्षा कार्यों के लिए भी मिली वित्तीय मंजूरी
मुख्यमंत्री ने चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में तामली–रूपालीगाड़–सीम मोटर मार्ग के निर्माण हेतु स्वीकृत 79.44 लाख रुपये के सापेक्ष 47.66 लाख रुपये की प्रथम किश्त जारी करने की स्वीकृति दी है।
टिहरी जिले की नई टिहरी विधानसभा के ग्राम पंचायत सिलकोट में जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए घेरबाड़, जाल, सुरक्षा दीवार तथा नाकिल नामे से कुएं तक सीसी रेलिंग मार्ग निर्माण के लिए स्वीकृत 93.85 लाख रुपये के सापेक्ष 56.31 लाख रुपये की प्रथम किश्त भी जारी की गई है।
उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल सामग्री के लिए सहायता
मुख्यमंत्री ने देहरादून के रायपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल सामग्री खरीदने के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।



