उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार में शिवभक्त कांवड़ियों का किया भव्य स्वागत, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शिवभक्त कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री के आगमन पर हरकी पैड़ी से कांवड़ यात्रा मार्ग तक हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पांच शिवभक्त कांवड़ियों का चरण प्रक्षालन कर उनका सम्मान किया। इसके साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं को अपने हाथों से भोजन परोसकर सेवा भाव का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री धामी ने कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए स्थापित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ भी किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण कर त्वरित उपचार, दवाइयों और अन्य आवश्यक सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

शिवभक्तों को सुरक्षित और सम्मानजनक यात्रा का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का संकल्प है कि देवभूमि आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है।

एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं गंगाजल यात्रा

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक, श्रीराम जन्मभूमि, केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण और बद्रीनाथ मास्टर प्लान जैसी परियोजनाओं के माध्यम से देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को नई पहचान मिली है।

सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस, स्वास्थ्य शिविरों और आपातकालीन सहायता सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने शिवभक्तों से अनुशासन बनाए रखने और धार्मिक परंपराओं का पालन करने की अपील भी की।

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिसकर्मी और पर्यावरण मित्र सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच पुलिसकर्मियों और पांच पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन कर्मयोगियों के प्रति राज्य की कृतज्ञता का प्रतीक है, जो सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

संत-महात्माओं और जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button