
रुद्रप्रयाग में जिला प्रेस क्लब के 20 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘ज्ञानदीप सम्मान समारोह 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया।
पत्रकारिता, कला और साहित्य की हस्तियों को मिला सम्मान
समारोह में पत्रकारिता, लोक कला, संस्कृति और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। पत्रकारिता के क्षेत्र में रमेश पहाड़ी, चंद्रमोहन शुक्ला और लक्ष्मी प्रसाद डिमरी को सम्मान मिला। वहीं लोक कला एवं संस्कृति में सौरभ मैठाणी और हेमा नेगी करासी तथा साहित्य के क्षेत्र में मुकेश नौटियाल सहित अन्य प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता को बताया लोकतंत्र की आधारशिला
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला है और इसे लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में फेक न्यूज एक गंभीर चुनौती बन गई है, ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ जाती है कि वे तथ्यों की पुष्टि कर निष्पक्ष और विश्वसनीय समाचार जनता तक पहुंचाएं।
समाज और सरकार के बीच सेतु का कार्य करती है पत्रकारिता
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार समाज को जागरूक करने और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि आधुनिक तकनीक के दौर में भ्रामक सूचनाओं पर नियंत्रण और सत्यपरक पत्रकारिता को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
प्रेस क्लब ने सौंपा ज्ञापन
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा, जिस पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया गया।
कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर भरत सिंह चौधरी, आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, प्रेस क्लब अध्यक्ष बृजेश भट्ट, महामंत्री बद्री नौटियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



