
देहरादून। कृषि मंत्री गणेश जोशी से शुक्रवार को उनके शासकीय आवास पर हाउस ऑफ़ स्वाशा ब्रांड (निजी संस्था) की सह-संस्थापक स्वाति खंडूरी डिमरी ने शिष्टाचार भेंट की।
बांस से बने परिधान भेंट किए
भेंट के दौरान स्वाति खंडूरी डिमरी ने कृषि मंत्री को हाउस ऑफ़ स्वाशा ब्रांड के अंतर्गत बांस (Bamboo) से निर्मित परिधान भेंट किए। उन्होंने इस अवसर पर ब्रांड द्वारा किए जा रहे सस्टेनेबल और इको-फ्रेंडली फैशन के प्रयासों की जानकारी भी दी।
स्थानीय कारीगरों और पर्यावरण को समर्थन
स्वाति ने बताया कि हाउस ऑफ़ स्वाशा 100 प्रतिशत प्राकृतिक और पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग करते हुए नैतिक उत्पादन को बढ़ावा दे रहा है। ब्रांड स्थानीय कारीगरों को रोजगार से जोड़ने का कार्य भी कर रहा है। ब्रांड की प्रमुख पेशकशों में बांस रेंज के क्लासिक फिट टॉप्स, बांस से बने मोज़े तथा प्रीमियम ऑर्गेनिक कॉटन पुरुष कलेक्शन शामिल हैं, जो पूरी तरह प्राकृतिक सामग्री से तैयार किए गए हैं और पर्यावरण पर न्यूनतम प्रभाव डालते हैं।
कृषि मंत्री ने पहल की सराहना की
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बांस आधारित उत्पादों को प्रदेश में किसानों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बांस उत्पादन और बांस से बने उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रही है।
किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लाभ
मंत्री ने आगे कहा कि बांस के बहुउपयोगी लाभों और सस्टेनेबल उद्योगों को प्रोत्साहित करने से किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान होगी।



