
गदरपुर/गुलरभोज। राज्य सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” कार्यक्रम के तहत शनिवार को नगर पंचायत गुलरभोज क्षेत्र के एएनके इंटर कॉलेज में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक अरविंद पाण्डेय ने की।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से पिछले पांच वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई गई। इसके साथ ही लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान भी किया गया।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: अरविंद पाण्डेय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अरविंद पाण्डेय ने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा शिविर राज्य सरकार की उस सोच का प्रतीक है, जिसमें जनता तक योजनाओं की सीधी पहुंच, समस्याओं का शीघ्र समाधान और सुशासन को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास एवं जनसेवा का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से स्थानीय स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके और पात्र लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त हो सके।
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, दी योजनाओं की जानकारी
शिविर में ग्राम्य विकास विभाग, पंचायतीराज विभाग, जल निगम, जल संस्थान, विद्युत विभाग, समाज कल्याण विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, पशुपालन विभाग, उद्योग विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, मत्स्य विभाग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित कई विभागों ने स्टॉल लगाए।
इन स्टॉलों के माध्यम से विभागीय अधिकारियों ने आमजन को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया।
स्वास्थ्य जांच से लेकर विधिक सहायता तक मिली सुविधाएं
शिविर में कुल 413 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 319 लोगों को लाभ पहुंचाया गया।
बाल विकास विभाग द्वारा 8 मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, 8 बाल पोषण किट तथा 1 लाभार्थी को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ दिया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 66 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया, जबकि 39 लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान की गई।
आयुष विभाग द्वारा 42 लोगों और होम्योपैथिक विभाग द्वारा 25 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। पंचायतीराज विभाग द्वारा 5 जन्म-मृत्यु पंजीकरण किए गए तथा 14 लोगों को परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध कराई गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 45 लोगों को निःशुल्क कानूनी जानकारी दी गई।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुघ, सभासद, नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायतराज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



