
देहरादून। क्लीन एंड ग्रीन एनवायरमेंट समिति की ओर से रविवार को प्रेमनगर स्थित केंद्रीय विद्यालय, भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) परिसर में वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत अमलतास, सिल्वर ओक, कनेर, चंपा, गुलमोहर और केसिया सामिया समेत विभिन्न प्रजातियों के कुल 60 पौधे रोपे गए।
माउंट एवरेस्ट विजेता मीनू कलिरमण ने किया पौधरोपण
कार्यक्रम में वर्ष 2023 में माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली पर्वतारोही मीनू कलिरमण विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने समिति के सदस्यों के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रकृति संरक्षण के लिए समिति द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को पर्यावरण बचाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए।
पौधों की देखभाल का विद्यालय ने लिया जिम्मा
विद्यालय के प्रधानाचार्य मामचंद ने लगाए गए पौधों के संरक्षण, नियमित सिंचाई और उनकी समुचित देखभाल सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर को हरित और स्वच्छ बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण जरूरी
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि उत्तराखंड में कमजोर मानसून, ग्लोबल वार्मिंग और तेजी से पिघलते ग्लेशियर पर्यावरण के सामने गंभीर चुनौती बनकर उभर रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर प्राकृतिक संतुलन बनाए रखना और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
ये रहे कार्यक्रम में मौजूद
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष राम कपूर, उपाध्यक्ष रणदीप अहलूवालिया, सचिव जेपी किमोठी, कोषाध्यक्ष शंभू शुक्ला, मुख्य अतिथि डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, समिति के अन्य सदस्य तथा केंद्रीय विद्यालय का शिक्षकीय एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।



