खेलमनोरंजन

इंग्लैंड को लगा बड़ा झटका, मैकुलम ने कोचिंग पद से दिया इस्तीफा

नई दिल्ली: इंग्लैंड क्रिकेट टीम में इन दिनों भूचाल मचा हुआ है. पहले बेन स्टोक्स ने रिटायरमेंट का ऐलान कर सबको हैरान कर दिया था और उसके कुछ दिनों के बाद ही टेस्ट टीम के कोच ब्रेंडन मैकुलम को उनके पद से हटा दिया गया. बेन स्टोक्स और मैकुलम ने मिलकर इंग्लैंड क्रिकेट में एक नई शुरुआत की थी, जिसे बैजबॉल का नाम दिया गया था, लेकिन अब उसका अस्तित्व खत्म हो गया है. ऐसे में अब मैकुलम ने राष्ट्रीय टेस्ट कोच के तौर पर अपने नतीजों के लिए इंग्लैंड के क्रिकेट फैंस से माफी मांगी है और माना कि अब किसी और को मौका देने का समय आ गया है.

मैकुलम लिमिटेड ओवरों की टीम के प्रभारी बने रहेंगे, लेकिन रविवार को उन्हें टेस्ट क्रिकेट में इस भूमिका से हटा दिया गया जो वह 2022 से संभाल रहे थे. न्यूजीलैंड के इस खिलाड़ी ने पुष्टि की कि उन्हें हटाया गया था और उन्होंने खुद पद नहीं छोड़ा था जैसा कि इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान में कहा था.

कोच पद से हटाए जाने पर निराश थे मैकुलम

एजबेस्टन में सोमवार को उन्होंने कहा, ‘‘हां, मुझे पद से हटा दिया गया. मैं निराश था लेकिन साथ ही मैं इस फैसले का पूरा सम्मान करता हूं. हम नतीजों पर आधारित खेल में हैं और असल में हमारे नतीजे उतने अच्छे नहीं थे. अब किसी और को मौका देने का समय आ गया है.’’ इंग्लैंड के टेस्ट कोच के तौर पर मैकुलम का रिकॉर्ड 27 जीत, दो ड्रॉ और 20 हार का रहा. कप्तान बेन स्टोक्स के साथ उनके कार्यकाल को ‘बैजबॉल’ नाम दिया गया था.

आक्रामक खेल ने टेस्ट क्रिकेट में नई जान फूंकी और शानदार नतीजे दिए. उनके कार्यकाल की शुरुआत में इंग्लैंड ने अपने पहले 11 टेस्ट मैच में से 10 जीते. लेकिन जैसे-जैसे टीम के अनुभवी खिलाड़ी संन्यास लेते गए तो नतीजे खराब होने लगे. इंग्लैंड अपने पिछले नौ टेस्ट मैच में से सात हार गया जिसमें पिछले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ 1-2 की हार भी शामिल है जिसके बाद स्टोक्स ने संन्यास ले लिया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button