उत्तराखंडराज्य

बद्रीनाथ धाम चढ़ावा विवाद: कांग्रेस विधायक ने तीन सिटिंग जजों की समिति से जांच की मांग

देहरादून। बद्रीनाथ विधानसभा से कांग्रेस विधायक लखपत सिंह बुटोला ने बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के मामले की जांच उच्च न्यायालय के तीन सिटिंग जजों की समिति से कराने की मांग की है। देहरादून में आयोजित एक प्रेस वार्ता में उन्होंने राज्य सरकार और बद्री-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें विभागीय जांच पर भरोसा नहीं है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच न्यायिक समिति के माध्यम से कराई जानी चाहिए।

आस्था से जुड़ा मामला, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई

विधायक बुटोला ने कहा कि बद्रीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यदि चढ़ावे में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो यह केवल आर्थिक अनियमितता नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं के साथ भी गंभीर खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की कि जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

भावुक हुए विधायक, पवित्र धामों की गरिमा बनाए रखने की अपील

प्रेस वार्ता के दौरान बुटोला भावुक भी दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि वे उस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जहां भगवान बद्रीनाथ और श्री हेमकुंड साहिब जैसे विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल स्थित हैं। ऐसे पवित्र धामों में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी या अनियमितता की खबरें अत्यंत पीड़ादायक हैं और इससे लोगों की धार्मिक आस्था प्रभावित होती है।

सरकार पर मामले को दबाने का आरोप

कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार इस पूरे मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि केवल किसी छोटे कर्मचारी को जिम्मेदार ठहराकर सरकार अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती। उनके अनुसार, बद्री-केदार मंदिर समिति के सदस्यों की नियुक्ति राज्य सरकार करती है, इसलिए कथित अनियमितताओं की नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी भी सरकार की है।

पहाड़ी क्षेत्रों के विकास को लेकर भी सरकार पर साधा निशाना

बुटोला ने दावा किया कि सत्ता पक्ष के कई विधायक भी अपनी ही सरकार की कार्यशैली से असंतुष्ट हैं और उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति आज भी संतोषजनक नहीं है।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, चमोली के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह और विजेंद्र रावत सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button