
रुद्रपुर। 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नोडल अधिकारी राजनीतिक दल एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह अधिकारी ने की। बैठक निर्वाचन कार्यालय में आयोजित हुई।
SIR प्रक्रिया में राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आगामी 31 अगस्त तक नोटिस, दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाना है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से SIR प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की।
‘निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण सतत प्रक्रिया’
सहायक निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचक नामावलियों का पुनरीक्षण एक सतत प्रक्रिया है। इसमें किसी को घबराने या पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रक्रिया के दौरान सक्रिय सहयोग करने का आग्रह किया।
राजनीतिक दलों को दिए गए निर्धारित प्रपत्र
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम अपमार्जित करने और नाम में संशोधन से संबंधित फार्म एवं प्रारूप-9, 10 और 11 उपलब्ध कराए गए।
विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में भाजपा की ओर से गजेंद्र प्रजापति, कांग्रेस से ललित बिष्ट, बसपा से विनोद कुमार गौतम और आम आदमी पार्टी से किरन पांडे विश्वास सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।



