
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने कहा कि भाजपा संगठन जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में ‘सेवा ही संगठन’ की भावना को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
रविवार को देहरादून में आयोजित भाजपा उत्तराखंड की संगठनात्मक बैठक में तरुण चुग ने प्रदेश में चल रहे संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की।
संगठनात्मक बैठक में वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व सांसद जमयांग सेरिंग नामग्याल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, सांसद, विधायक, कैबिनेट मंत्री और जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक से पहले तरुण चुग ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से पूरा करने और ‘सेवा ही संगठन’ अभियान को अधिक प्रभावी बनाने को लेकर चर्चा की गई।
किसानों के हित में महाराष्ट्र सरकार के फैसले की सराहना
मीडिया से बातचीत में तरुण चुग ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा किसानों के लिए घोषित 36,585 करोड़ रुपये की कर्जमाफी योजना को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार की किसान हितैषी सोच को दर्शाता है। उनके अनुसार, किसानों के हितों को प्राथमिकता देना सरकार की प्रमुख जिम्मेदारी है।
पंजाब सरकार पर साधा निशाना
तरुण चुग ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें बताना चाहिए कि किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी का चुनावी वादा कब पूरा किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के किसान आज भी कर्ज, फसल संकट और अधूरे वादों की समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को किसानों से जुड़े इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।



