
देहरादून। उत्तराखंड में 9 और 10 जुलाई को भारी से अत्यंत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने जिलाधिकारियों को राहत एवं बचाव तंत्र पूरी तरह सक्रिय रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।
इन जिलों के लिए जारी हुआ ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी रहेगा।
10 जुलाई को पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
राहत एवं बचाव दलों को रखा गया अलर्ट मोड पर
एसईओसी ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने, राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखने, सड़क मार्गों की स्थिति पर नजर बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को समय रहते सतर्क करने पर भी जोर दिया गया है।
लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और बरसाती गधेरों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में लोग तत्काल स्थानीय प्रशासन या आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। साथ ही सभी संबंधित विभागों को 24 घंटे सतर्क रहकर आवश्यक संसाधन और मानवबल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।



