उत्तराखंडराज्य

मिलावटी एवं नकली दवाओं के खिलाफ जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दिनेशपुर में फैक्ट्री पर छापा

रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन द्वारा मिलावटी एवं नकली औषधियों के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कार्रवाई के तहत प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है।

दिनेशपुर में नकली आयुर्वेदिक दवा फैक्ट्री पर छापेमारी

उप जिलाधिकारी गदरपुर के नेतृत्व में जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर, पुलिस विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम ने दिनेशपुर क्षेत्र में छापेमारी कर उस फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया, जहां शुगर/मधुमेह की मिलावटी आयुर्वेदिक दवाएं तैयार की जा रही थीं।

भारी मात्रा में औषधियां और एलोपैथिक दवाएं बरामद

छापेमारी के दौरान फैक्ट्री परिसर से लगभग 7.5 कुंतल आयुर्वेदिक औषधियां और करीब 70 हजार रुपये मूल्य की एलोपैथिक दवाएं बरामद की गईं, जो शुगर के उपचार में प्रयुक्त होती हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि एलोपैथिक दवाओं को आयुर्वेदिक औषधियों में मिलाकर नकली शुगर की दवाएं तैयार की जा रही थीं, जिससे लोगों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा था।

प्रयोगशाला जांच में मिलावट की पुष्टि

जिला आयुर्वेदिक अधिकारी और ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 के तहत बरामद दवाओं के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए थे। रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने मामले में कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।

वन्यजीव अंग और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान वन विभाग को फैक्ट्री परिसर से प्रतिबंधित वन्यजीव के अंग के रूप में हिरण के 7 कटे हुए सींग भी मिले हैं। इस मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस विभाग ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

स्वास्थ्य सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं: जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में आमजन के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नकली और मिलावटी दवाओं का निर्माण व बिक्री एक गंभीर अपराध है, जिसके खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ नियमित निगरानी करने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आमजन से सूचना देने की अपील

जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी के पास इस प्रकरण या ऐसे किसी अन्य मामले से संबंधित सूचना, साक्ष्य या शिकायत हो तो वह उप जिलाधिकारी गदरपुर या संबंधित विभागीय अधिकारियों को अवगत कराए, ताकि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button