उत्तराखंडराज्य

हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की समीक्षा की

हरिद्वार में डामकोठी में सोमवार को आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में किसी भी स्तर पर कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए तय समय सीमा में अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करें। उन्होंने साधु-संतों, धार्मिक और सामाजिक संगठनों तथा अन्य हितधारकों के सहयोग से मेले के सुव्यवस्थित आयोजन पर विशेष जोर दिया।

वित्तीय स्वीकृति और संसाधनों की उपलब्धता

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कुंभ से जुड़े कार्यों के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने प्रस्तावित कार्यों की शीघ्र स्वीकृतियों और आवश्यक कार्यवाही के लिए मुख्य सचिव से दूरभाष पर वार्ता कर निर्देश दिए।

सड़क, पुल, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा

बैठक में सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात और पार्किंग से जुड़े स्थायी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी चारधाम यात्रा, वर्षाकाल और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए परियोजनाओं के क्रियान्वयन की रणनीति तैयार की जाए।

कुंभ मेले की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर स्थापित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। इसके साथ ही मेला नियंत्रण भवन के पास प्रस्तावित सीसीआर-2 भवन परियोजना को शीघ्र वित्तीय स्वीकृति देने के निर्देश दिए गए।

श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं और पुलों पर ध्यान

श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए खड़खड़ी पुल और श्रीयंत्र पुल से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा ऋषिकेश और मुनीकीरेती सहित कुंभ क्षेत्र के सभी सेक्टरों में बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा, स्वच्छता और सीवरेज प्रबंधन को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

अतिथिगृह और अन्य स्थायी परियोजनाओं का निर्माण

मुख्यमंत्री ने डामकोठी अतिथिगृह के विस्तार का निर्देश देते हुए कहा कि मौजूदा भवन के पास आधुनिक और आकर्षक अतिथिगृह का प्रस्ताव तैयार किया जाए। मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि मेला 2027 के लिए 33 स्थायी योजनाएं जैसे सड़कों, पुलों, घाटों का निर्माण, जलापूर्ति, चिकित्सा, सुरक्षा और मेला प्रबंधन कार्य वर्तमान में निर्माणाधीन हैं। मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर मार्ग के सुधार की योजना को भी स्वीकृति मिल चुकी है।

बैठक में उपस्थित अधिकारी और जनप्रतिनिधि

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, नगर निगम मेयर किरण जैसल, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button