उत्तराखंडराज्य

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ पर युवाओं ने रखे विचार, सीएम धामी बोले- युवा शक्ति प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रुद्रपुर स्थित एक निजी विद्यालय में ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके विचार, सुझाव और भविष्य के उत्तराखंड को लेकर उनकी परिकल्पनाओं को जाना। मुख्यमंत्री ने छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनका मार्गदर्शन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की ऊर्जा, सोच और विकसित उत्तराखंड के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उत्साह बढ़ाने वाली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भावी पीढ़ी को सशक्त, आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

युवाओं के विचार विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवाओं के विचार और सुझाव उत्तराखंड के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। शिक्षा के साथ युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत–विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प को पूरा करने के लिए शिक्षा, रोजगार, नवाचार, कौशल विकास, पर्यटन, कृषि, खेल और तकनीक समेत हर क्षेत्र को मजबूत किया जा रहा है। युवा शक्ति उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत है और उनकी प्रतिभा, सोच तथा सपनों को अवसर देकर आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ा जा रहा है।

हर क्षेत्र में नेतृत्व की जरूरत

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा केवल आज की ताकत नहीं, बल्कि देश और प्रदेश के भविष्य के निर्माता हैं। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन, विकास, नवाचार तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने कई नई नीतियां लागू की हैं।

लीडरशिप के महत्व पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नेतृत्व क्षमता केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। खेल, चिकित्सा, विज्ञान, मीडिया और उद्योग सहित प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाला व्यक्ति अपने क्षेत्र में नेतृत्वकर्ता की भूमिका निभाता है।

उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से जुड़कर देश और उत्तराखंड के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही सभी को रक्षाबंधन पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

2.67 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भेजे विचार

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ प्रतियोगिता को प्रदेशभर के विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिला है। अभियान के तहत अब तक 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार भेजे हैं।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा व्यक्त किए गए विचार उत्तराखंड के विकास, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य को लेकर उनकी सोच और संकल्प को दर्शाते हैं।

विज्ञान और तकनीक में युवाओं को आगे बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहित करने की सरकार की पहल का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी का निर्माण किया गया है।

उन्होंने कहा कि साइंस सिटी का उद्देश्य राज्य के प्रतिभावान विद्यार्थियों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा देश-दुनिया में नेतृत्व करने के अवसर उपलब्ध कराना है।

बच्चों से मुलाकात कर बढ़ाया हौसला

मुख्यमंत्री ने स्कूल परिसर में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों से भी बातचीत की। उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उनके साथ हाथ मिलाकर आत्मीय संवाद किया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की युवा पीढ़ी राज्य के भविष्य को लेकर सजग और जागरूक है। विद्यार्थियों के सपनों, सुझावों और नवाचारपूर्ण विचारों को विकास की दिशा से जोड़कर ऐसा उत्तराखंड बनाया जाएगा, जो सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित हो।

800 से अधिक छात्र-छात्राएं हुए शामिल

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के करीब 800 छात्र-छात्राएं और शिक्षक शामिल हुए। इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रामपाल सिंह, दिनेश मानसेरा, उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button