
देहरादून में गुरुवार को कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों और शहर के विभिन्न इलाकों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल, पेंशन, आवास और विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं से संबंधित शिकायतें मंत्री के समक्ष प्रस्तुत कीं।
कई मामलों का मौके पर समाधान
जनसुनवाई के दौरान कैबिनेट मंत्री ने प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना और अनेक मामलों का मौके पर ही समाधान किया। जो प्रकरण तुरंत निस्तारित नहीं हो सके, उनके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से भी स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और उनके समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय के जरिए जनता से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनसुनवाई को बताया जनता और सरकार के बीच सेतु
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य कर रही है। जनसुनवाई जैसे कार्यक्रम जनता और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं, जिससे आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचा पाते हैं और उनका समाधान समयबद्ध रूप से संभव हो पाता है।



