यूपी में देर रात चली तबादला एक्सप्रेस, तीन जिलों के सीडीओ समेत 20 आईएएस इधर से उधर किए गए

लखनऊ। प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात को बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। जारी सूची के अनुसार चिकित्सा शिक्षा, निबंधन, संस्कृति, ऊर्जा, महिला एवं बाल विकास, राजस्व और ग्रामीण विकास समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में नई तैनातियां की गई हैं।
कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) का भी स्थानांतरण किया गया है। सूचना निदेशक विशाल सिंह से विशेष सचिव संस्कृति और निदेशक संस्कृति का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। वहीं राजस्व विभाग की सचिव सुधा वर्मा को श्रमायुक्त बनाया गया है।
महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा (डीजीएमई) तथा सचिव चिकित्सा शिक्षा डॉ. सारिका मोहन को महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है। इस पद पर कार्यरत नेहा शर्मा को डीजीएमई और सचिव चिकित्सा शिक्षा कार्यभार दिया गया है। अपर निदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म अरुण कुमार को राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का निदेशक नियुक्त किया गया है।
भूतत्व एवं खनिकर्म की विशेष सचिव जे. रीभा को वर्तमान पद के साथ अपर निदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म का भी कार्यभार दिया गया है। ग्रामीण आजीविका मिशन की निदेशक दीपा रंजन को संस्कृति विभाग का विशेष शचिव बनाया गया है।
विशेष सचिव संस्कृति निदेशक एवं निदेशक धर्मार्थ कार्य संजय कुमार सिंह प्रथम से विशेष सचिव का कार्यभार हटाते हुए निदेशक संस्कृति का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। विशेष सचिव संस्कृति निदेशक सूचना और निदेशक संस्कृति विशाल सिंह से निदेशक व विशेष सचिव संस्कृति का कार्यभार वापस ले लिया गया है।
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की एमडी रिया केरजीवाल को बाल विकास एवं पुष्टाहार का विशेष सचिव बनाया गया है। अपर आयुक्त राज्यकर गौतमबुद्ध नगर व गाजियाबाद द्वितीय का कार्यभार देख रहे संदीप भागिया अब मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी होंगे।
आजमगढ़ सीडीओ परीक्षित खटाना अपर आयुक्त राज्यकर गौतमबुद्ध नगर के पद पर भेजे गए हैं। अपर आयुक्त लखनऊ मंडल राकेश कुमार पटेल को आजमगढ़ का सीडीओ बनाया गया है। विशेष सचिव महिला कल्याण तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार और सचिव राज्य महिला आयोग का कार्यभार देख रही रेणु तिवारी से विशेष सचिव बाल विकास एवं पुष्टाहार का कार्यभार वापस ले लिया गया है।
मथुरा-वृंदावन के नगर आयुक्त जग प्रवेश को अब वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। बलिया के सीडीओ ओजस्वी राज मथुरा-वृंदावन के नगर आयुक्त होंगे।
एडीएम वित्त एवं राजस्व गोंडा आलोक कुमार बलिया के सीडीओ होंगे। इटावा के सीडीए अजय कुमार गौतम को अपर राज्य आयुक्त राज्य कर गाजियाबाद प्रथम के पद पर भेजा गया है। मुजफ्फरनगर के एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह इटावा के सीडीओ होंगे।
मनिकन्दन ए को प्रतिक्षारत से अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त राजस्व परिषद भेजा गया है। चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग की संयुक्त प्रबंध निदेशक डा.वंदना वर्मा को संयुक्त प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड का कार्यभार दिया गया है।



