गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर समेत यूपी के 7 जिलों में आज स्कूल बंद, भारी बारिश के बीच आदेश

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में यूपी कुछ इलाकों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। जिसमें राज्य भर में मानसून की गतिविधि तेज होने के कारण भारी से अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया। बारिश को देखते हुए नौ जिलों में 10 जुलाई शुक्रवार को सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। इसमें मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, सहारनपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, हापुड़ और कासगंज में 12वीं तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है।
सभी जिलों के डीएम के अनुसार लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है और कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिया है कि डीएम के आदेश का सभी विद्यालयों द्वारा कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आदेश का उल्लंघन करने वाले शिक्षण संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बदायूं में दो दिन बंद रहेंगे आठवीं तक के सभी स्कूल
बदायूं बीएसए ने बताया कि शुक्रवार 10 और शनिवार 11 जुलाई को कक्षा आठ तक सभी स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। बीएसए नवीन कुमार ने बताया, डीएम के आदेश पर मौसम के दृष्टिगत एक से आठ तक के सभी स्कूलों का 10 एवं 11 जुलाई का अवकाश घोषित कर दिया है। 12 जुलाई को वृह्द पौधरोपण अभियान को सफल बनाने के लिये स्कूल खुलेंगे और शिक्षक बच्चों एवं अभिभावकों के साथ पौधे लगाकर हरितमा एप पर जियोटेगिंग कर उनके फोटोग्राफ सोशल मीडिया एवं वाट्सएप ग्रुप पर शेयर करेंगे। बीएसए ने कहा कि आदेश का कड़ाई से पालन किया जाये। पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बारिश के चलते पांच लोगों की मौत
आईएमडी लखनऊ के अनुसार, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं समेत जिलों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है, जबकि पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा का अनुमान लगाया गया है। मौसम कार्यालय ने कहा कि 11 जुलाई तक राज्य भर में व्यापक वर्षा होने की उम्मीद है, अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। राज्य की राजधानी लखनऊ में बृहस्पतिवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच 27.2 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम है और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। सापेक्ष आर्द्रता 94 प्रतिशत तक पहुंच गई और शहर में अगले 24 घंटों में रुक-रुक कर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। आईएमडी ने लखनऊ और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
बुलंदशहर में बारिश से गिरी दीवार, छह लोग दबे
बुलंदशहर पुलिस क्षेत्राधिकारी शोभित कुमार ने कहा कि मुंडाखेड़ा गांव में शाम करीब पांच बजे बारिश के चलते दीवार गिर गई, जिससे एक खाली भूखंड के बगल में अस्थायी तंबू में रह रहे छह लोग दब गए। उन्होंने बताया कि इस घटना दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार घायल हो गए। उन्होंने कहा कि बचाव कार्य पूरा हो चुका है और किसी और के फंसे होने की आशंका नहीं है। भारी बारिश से नोएडा और पड़ोसी जिले गाजियाबाद में भी सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बड़े पैमाने पर जलभराव और यातायात जाम से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।। वहीं, वसुंधरा सेक्टर-13 में एक सड़क धंस गई।



