
देहरादून। डीएवी (पीजी) कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ज्योति सेंगर ने कहा कि एनएसएस छात्र-छात्राओं के लिए समाज सेवा का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ अपने भविष्य का निर्माण करते हुए “राष्ट्र प्रथम” की भावना को आत्मसात कर समाज सेवा के माध्यम से एक श्रेष्ठ नागरिक की भूमिका निभा सकते हैं।
सात दिवसीय विशेष वार्षिक शिविर का आयोजन
शिविर बाल भवन, रायपुर में आयोजित किया गया, जिसमें एनएसएस की “बी” और “सी” इकाई के छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी की युवा रेडक्रॉस समिति द्वारा आपदा प्रबंधन, अग्नि शमन और प्राथमिक उपचार संबंधी प्रशिक्षण एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
आपदा प्रबंधन और प्रशिक्षण
युवा रेडक्रॉस समिति के मुख्य प्रशिक्षक और आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि रेडक्रॉस मानवता की सेवा में संलग्न विश्व का सबसे बड़ा संगठन है। उन्होंने वर्ष 2012 की उत्तरकाशी प्राकृतिक आपदा और 2013 की केदारनाथ जलप्रलय त्रासदी में अपने अनुभव साझा किए और कहा कि यह प्रशिक्षण छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रेणुका रावत ने बताया कि प्रशिक्षण में आग के प्रकार, आग बुझाने के सिद्धांत, प्राथमिक उपचार में जलने एवं झुलसने की स्थिति, “नौ के नियम” पद्धति और उपचार के उपाय शामिल थे। इसके अतिरिक्त एनीमिया, हीमोग्लोबिन की कमी, महिलाओं और बच्चों में बीमारियों, तथा गंभीर आनुवंशिक रक्त रोग थैलेसीमिया की पहचान, बचाव और उपचार के विषय में भी प्रशिक्षण दिया गया।
व्यावहारिक बचाव अभ्यास
आपदा की आपातकालीन परिस्थितियों जैसे भूकंप और बाढ़ में क्षतिग्रस्त भवनों से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए छात्राओं को दमकल कर्मी उठान विधि, आगे-पीछे उठान विधि और रस्सी बचाव पद्धति में कुर्सी गांठ तकनीक का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
छात्राओं की सहभागिता
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रेणुका रावत के संयोजन में खुशी कुमारी सिंह, आस्था सेमवाल, सलोनी, तमन्ना रावत, आकांक्षा, कनिका, कृतिका डबराल, स्वाति, सृष्टि, तृप्ति, अंजलि भट्ट, रिया, प्रिया, वैष्णवी छेत्री, भूमिका, अंशिका गुप्ता, शानवी शर्मा, तनूजा सहित अन्य छात्राओं ने बचाव विधियों का प्रभावी प्रदर्शन किया।
सम्मान और आभार
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ज्योति सेंगर ने डॉ. अनिल वर्मा को कुशल प्रशिक्षण और रक्तदान के क्षेत्र में योगदान के लिए पौधा भेंटकर सम्मानित किया। डॉ. वर्मा ने शिविर के अनुशासित और सफल आयोजन के लिए डॉ. ज्योति सेंगर और डॉ. रेणुका रावत का आभार व्यक्त किया।



