उत्तराखंड

देहरादून पिटकुल मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) मुख्यालय “विद्युत भवन” में निदेशक (मानव संसाधन) पी.सी. ध्यानी के नेतृत्व में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। योग आरोग्य धाम, देहरादून के योग गुरु अजीत सिंह एवं उनकी टीम के मार्गदर्शन में अधिकारियों और कर्मचारियों ने योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

कार्यक्रम में देहरादून मुख्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ प्रदेशभर में स्थित पिटकुल के विभिन्न कार्यालयों एवं उपसंस्थानों के कार्मिक भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। सुबह छह बजे से आयोजित योग सत्र में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा योग के महत्व की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) पी.सी. ध्यानी ने सभी कर्मचारियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को विश्वभर में नई पहचान मिली है और आज यह स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का वैश्विक माध्यम बन चुका है।उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को निरोग रखने का साधन नहीं है, बल्कि यह मानसिक और बौद्धिक विकास के साथ व्यक्ति को शांत, ऊर्जावान और सकारात्मक बनाता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या तथा पारिवारिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए “करो योग, रहो निरोग” का संदेश दिया।

पी.सी. ध्यानी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कर्मचारियों से नए उत्साह और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के मार्गदर्शन और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पिटकुल निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक (मानव संसाधन) अशोक कुमार जुयाल ने किया। इस दौरान मुख्य अभियंता, महाप्रबंधक, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कार्यरत पिटकुल कार्मिक भी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button