उत्तर प्रदेशराज्य

जिस बच्ची के एडमिशन में CM योगी ने की थी मदद, उसी के हाथों कटवाया श्री राम वाटिका का फीता

करीब एक साल पहले छह वर्षीय वांची अपने पिता के साथ स्कूल में दाखिले की उम्मीद लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में पहुंची थी. उस समय परिवार की सबसे बड़ी चिंता बेटी का एडमिशन था. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कुछ ही घंटों में उसकी समस्या का समाधान हो गया. मंगलवार को वही वांची फिर मुख्यमंत्री के साथ  दिखाई दी, लेकिन इस बार वजह अलग थी. मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद में नवनिर्मित श्रीराम वाटिका का लोकार्पण किसी मंत्री या अधिकारी से नहीं, बल्कि वांची और उसकी छोटी बहन आची के हाथों कराया.

जनता दर्शन से शुरू हुई थी यह कहानी

मुरादाबाद निवासी अमित कुमार कई महीनों से अपनी बेटी वांची का स्कूल में प्रवेश कराने के लिए प्रयास कर रहे थे. विभिन्न स्तरों पर कोशिश के बावजूद जब बात नहीं बनी तो उन्होंने जून 2025 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी समस्या रखी. मुख्यमंत्री ने बच्ची की शिक्षा से जुड़ा मामला सुनते ही अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. प्रशासन ने उसी दिन आरटीई के तहत प्रक्रिया पूरी कराते हुए वांची का दाखिला मुरादाबाद के सीएल गुप्ता वर्ल्ड स्कूल में करा दिया. उस समय यह मामला काफी चर्चा में रहा था क्योंकि जनता दर्शन में आई एक बच्ची की समस्या का कुछ ही घंटों में समाधान हो गया था. करीब एक साल बाद उसी बच्ची की मुख्यमंत्री से दोबारा मुलाकात हुई तो परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी थीं. इस बार वह किसी शिकायत या समस्या के साथ नहीं, बल्कि एक विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम का हिस्सा बनी.

श्रीराम वाटिका के उद्घाटन में दिखा अलग अंदाज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को मुरादाबाद में 365 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 63 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के लिए पहुंचे थे. कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल थीं, लेकिन सबसे अधिक चर्चा श्रीराम वाटिका के उद्घाटन की रही. मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद वांची और उसकी छोटी बहन आची को अपने पास बुलाया. इसके बाद दोनों बच्चियों के हाथों फीता कटवाकर श्रीराम वाटिका जनता को समर्पित की गई. कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने इस पल का स्वागत तालियों से किया. कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन में इस दृश्य को कैद किया, जो बाद में सोशल मीडिया पर भी तेजी से साझा होने लगा.

365 करोड़ से अधिक की 63 परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद नगर, मुरादाबाद देहात और कुंदरकी विधानसभा क्षेत्रों के साथ नगर निगम एवं मुरादाबाद विकास प्राधिकरण से जुड़ी कुल 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इन परियोजनाओं की कुल लागत 365 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई. इन योजनाओं में शहरी विकास, आधारभूत संरचना, सार्वजनिक सुविधाओं और विरासत संरक्षण से जुड़े कई कार्य शामिल हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और सांस्कृतिक विरासत दोनों को समान प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है.

भाषण में विकास के साथ राजनीतिक मुद्दों का भी जिक्र

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास कार्यों के साथ-साथ राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार पहले ही अयोध्या में व्यापक विकास कार्य करा चुकी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि विपक्ष अब भगवान श्रीराम और धार्मिक स्थलों के विकास की बात कर रहा है तो यह एक सकारात्मक बदलाव माना जा सकता है. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अयोध्या में सड़क, रेलवे, एयरपोर्ट और धार्मिक पर्यटन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए हैं, जबकि अब मथुरा-वृंदावन क्षेत्र के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

लाइनपार क्षेत्र का नाम होगा दाऊ दयाल खन्ना नगर

मुख्यमंत्री ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के वरिष्ठ नेता और मुरादाबाद की विभूति दाऊ दयाल खन्ना को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घोषणा की कि लाइनपार क्षेत्र का नाम बदलकर ‘दाऊ दयाल खन्ना नगर’ किया जाएगा. वर्ष 1983 में गठित श्रीराम जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ समिति में उनके पूज्य गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ अध्यक्ष थे, जबकि दाऊ दयाल खन्ना महासचिव के रूप में पूरे आंदोलन से जुड़े रहे. उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को समर्पित किया. सरकार उनके योगदान को सम्मान देने के लिए यह निर्णय ले रही है.

मुरादाबाद की बदल गई तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ वर्ष पहले का मुरादाबाद दंगे, कर्फ्यू, अराजकता, गंदगी व अव्यवस्था के लिए जाना जाता था. आज वही मुरादाबाद गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय की स्थापना, पीतल उद्योग की नई पहचान, युवाओं की प्रतिभा, किसानों के नवाचार और उत्तर प्रदेश के प्रमुख एक्सपोर्ट हब के रूप में देशभर में पहचान बना चुका है. अब शहर में चौड़ी सड़कें हैं, स्मार्ट सिटी के अनुरूप विकास हो रहा है. श्रीराम वाटिका, संविधान वाटिका, पार्कों का सौंदर्यीकरण तथा ऐतिहासिक और पौराणिक धरोहरों का संरक्षण किया जा रहा है.

9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश ने विकास, रोजगार, निवेश व कानून व्यवस्था के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है. पहले प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था, लेकिन आज वही उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ‘ग्रोथ इंजन’ बन चुका है. यह परिवर्तन मोदी जी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार की नीतियों का परिणाम है. पिछले नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है. युवाओं को बिना भेदभाव और बिना भ्रष्टाचार के सरकारी सेवाओं में अवसर मिल रहे हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button