
देहरादून/दिल्ली। उत्तराखंड को 365 दिन सक्रिय पर्यटन राज्य के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने पैन-इंडिया एकीकृत रोड शो अभियान की शुरुआत की है। यह देश में अपनी तरह का पहला संगठित, समन्वित और बहु-शहरी पर्यटन अभियान है, जिसके माध्यम से उत्तराखंड की विविध पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया जा रहा है।
दिल्ली में पैन-इंडिया रोड शो का भव्य शुभारंभ
इस अभियान की जानकारी प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को दिल्ली स्थित एक होटल में आयोजित उत्तराखंड पर्यटन विभाग के पैन-इंडिया ‘द ललित’ एकीकृत रोड शो के शुभारंभ अवसर पर दी। उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधन करते हुए कहा कि यह अभियान उत्तराखंड पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का माध्यम बनेगा।
एडवेंचर से आध्यात्मिक पर्यटन तक व्यापक प्रस्तुति
पर्यटन मंत्री ने बताया कि इस रोड शो का मुख्य उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर सहित देशभर के ट्रैवल ट्रेड और पर्यटन उद्योग को उत्तराखंड के एडवेंचर, विंटर, वेलनेस, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और अनुभवात्मक पर्यटन से जोड़ना है। इससे राज्य में पर्यटन गतिविधियों को वर्षभर सक्रिय रखने में मदद मिलेगी।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के विजन को साकार करने की पहल
सतपाल महाराज ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में शुरू किया गया है। राज्य सरकार उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन, स्पिरिचुअल मेगा सर्किट और इंटरनेशनल टूरिज्म गेटवे के रूप में विकसित करने के लिए ठोस कार्ययोजना पर काम कर रही है।
शीतकालीन पर्यटन बनेगा उत्तराखंड की नई पहचान
पर्यटन मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता उत्तराखंड को शीतकालीन पर्यटन का राष्ट्रीय केंद्र बनाना है। जोशीमठ, औली और पांडुकेश्वर को विंटर चारधाम और सनशाइन टूरिज्म के रूप में विकसित किया जा रहा है। स्कीइंग, स्नो ट्रैकिंग, विंटर फेस्टिवल्स, धारचूला से नेलांग घाटी तक स्नो लेपर्ड साइटिंग और नीति घाटी में अल्ट्रा रन जैसे आयोजन उत्तराखंड को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाएंगे।
उत्तराखंड को टूरिज्म कैपिटल बनाने की दिशा में निर्णायक कदम
पर्यटन सचिव धीराज सिंह गबर्याल ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री के उत्तराखंड को ‘टूरिज्म कैपिटल ऑफ इंडिया’ बनाने के संकल्प और मुख्यमंत्री के ईयर-राउंड डेस्टिनेशन के विजन को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। दिल्ली रोड शो से यह स्पष्ट हुआ है कि उत्तराखंड एक सुरक्षित, विविध और निवेश के लिए आकर्षक पर्यटन राज्य के रूप में उभर रहा है।
पर्यटन उद्योग से जुड़े 250 से अधिक हितधारकों की भागीदारी
रोड शो कार्यक्रम में उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर के 250 से अधिक पर्यटन उद्योग से जुड़े हितधारकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बी2बी मीटिंग्स, प्रश्नोत्तर सत्र, नेटवर्किंग लंच और वन-टू-वन बिजनेस एंगेजमेंट आयोजित किए गए, जिनमें टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंसियों, होटल समूहों और एडवेंचर संस्थानों ने सक्रिय सहभागिता की।
वरिष्ठ अधिकारियों और उद्योग प्रतिनिधियों की उपस्थिति
इस अवसर पर पर्यटन सचिव धीराज सिंह गबर्याल, अपर सचिव पर्यटन अभिषेक रुहेला, जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक विशाल मिश्रा, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, पद्मश्री अजीत बजाज सहित अनेक विभागीय अधिकारी, पर्यटन उद्योग प्रतिनिधि और देश के प्रमुख टूर एवं ट्रैवल ऑपरेटर मौजूद रहे।



