
देहरादून। असम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की लगातार तीसरी ऐतिहासिक जीत के बाद आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिस्सा लिया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। समारोह का माहौल उत्साह और राजनीतिक ऊर्जा से भरपूर दिखाई दिया।
विभिन्न राज्यों के नेताओं से की मुलाकात
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कई राज्यों से पहुंचे मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आपसी समन्वय और विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा भी की।
हेमंत बिस्वा शर्मा को दी बधाई
मुख्यमंत्री धामी ने असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा और उनकी नई मंत्रिपरिषद को शपथ ग्रहण के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि हेमंत बिस्वा शर्मा के नेतृत्व में असम राज्य विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
एनडीए नेतृत्व में आगे बढ़ रहा असम
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि एनडीए सरकार के नेतृत्व में असम लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में आधारभूत ढांचे, निवेश, रोजगार और जनहित योजनाओं को मजबूती मिल रही है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ पहुंच रहा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
शपथ ग्रहण समारोह में भारतीय जनता पार्टी असम प्रदेश के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।



