उत्तराखंडराज्य

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर निर्वाचन विभाग अलर्ट, तैयारियों की हुई समीक्षा

देहरादून। आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मंगलवार को सचिवालय में सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में निर्वाचन तैयारियों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

मैपिंग कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों को अपनी तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी मैपिंग कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि अभियान को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।

फार्म-6, 7 और 8 के निस्तारण पर जोर

बैठक के दौरान डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि फार्म-6, 7 और 8 की प्रतिदिन समीक्षा की जाए और उनके समय पर निस्तारण को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची से जुड़े सभी कार्य पारदर्शिता और सतर्कता के साथ संपन्न हों।

राजनीतिक दलों के साथ साझा होगी ASD सूची

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर तैयार ASD (ऐबसेंट, शिफ्टेड, डेथ) सूची को राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) के साथ साझा करना अनिवार्य होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी बीएलए को यह सूची उपलब्ध करा दी जाए, जिससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।

प्रिंटिंग और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था की समीक्षा

बैठक में सभी जनपदों में गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग, लॉजिस्टिक्स और वितरण योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

नगर निगम क्षेत्रों में होगी विशेष बैठक

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी जिलाधिकारी आगामी एक सप्ताह के भीतर नगर निगम क्षेत्रों के नगर आयुक्तों के साथ बैठक आयोजित करें। इस बैठक का उद्देश्य SIR योजना को और अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाना रहेगा।

BLO प्रशिक्षण कार्यक्रमों को मजबूत बनाने पर जोर

बैठक में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि प्रशिक्षण प्रक्रिया में गुणवत्ता और दक्षता सुनिश्चित की जाए।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस समीक्षा बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button