
सितारगंज क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत पांच अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में कच्ची शराब बरामद की है। एक मामले में अज्ञात स्कूटी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया गया है।
शक्तिफार्म क्षेत्र में 52 पाउच कच्ची शराब बरामद
शक्तिफार्म के सूखी नदी पुल से पहले रुद्रपुर जाने वाले मार्ग पर एएसआई सुरेन्द्र सिंह बोरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान प्रशांत मंडल पुत्र प्रभाष मंडल, निवासी रुद्रपुर जेल कैंप नंबर-02 शक्तिफार्म को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 52 पाउच कच्ची शराब बरामद हुई।
सिडकुल रोड पर 37 पाउच के साथ आरोपी गिरफ्तार
मिनी ट्रक यूनियन सिडकुल रोड के सामने स्थित एक खाली प्लॉट के पास एएसआई राकेश सिंह रौंकली की अगुवाई में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। यहां मलकीत सिंह पुत्र बचन सिंह, निवासी वार्ड नंबर-1 सितारगंज को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 37 पाउच कच्ची शराब बरामद हुई।
ग्राम गोठा मार्ग पर 20 लीटर शराब के साथ गिरफ्तारी
ग्राम गोठा से जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर एसआई कैलाश देव ने सतपाल सिंह पुत्र अवतार सिंह, निवासी वार्ड नंबर-11 सितारगंज को हिरासत में लिया। आरोपी के पास से एक जरीकेन में लगभग 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
सिडकुल क्षेत्र में 58 पाउच कच्ची शराब जब्त
सिडकुल क्षेत्र में एएसआई सुरेन्द्र दानू ने अंग्रेज सिंह पुत्र करतार सिंह, निवासी ग्राम पहाड़ी उकरौली को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 58 पाउच कच्ची शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
नकटपुरा चौराहे पर अज्ञात स्कूटी से शराब बरामद
नकटपुरा चौराहा सरकड़ा क्षेत्र में सरकड़ा चौकी इंचार्ज पंकज कुमार ने संदिग्ध स्कूटी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी से 44 पाउच कच्ची शराब बरामद हुई। हालांकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात स्कूटी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



