उत्तराखंडराज्य

रुद्रपुर के मोदी मैदान में बनेगा अत्याधुनिक इंडोर-आउटडोर स्टेडियम

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जनहित से जुड़ी विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय में दो महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में रुद्रपुर के मोदी मैदान में अत्याधुनिक इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम के निर्माण और हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार से जुड़े अहम फैसले लिए गए।

मोदी मैदान में प्रस्तावित स्टेडियम परियोजना के लिए 23.32 करोड़ रुपये की लागत को औचित्यपूर्ण पाया गया है। वहीं, हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र की सड़कों के सुधार के लिए अवस्थापना विकास निधि से 15 करोड़ रुपये की धनराशि प्रस्तावित की गई है।

मुख्यमंत्री घोषणा के तहत विकसित होगा स्टेडियम

मुख्यमंत्री घोषणा के तहत रुद्रपुर के मोदी मैदान में इंडोर और आउटडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाना है। परियोजना के क्रियान्वयन के लिए पूर्व में खेल विभाग को आवंटित भूमि को आवास विभाग के नाम स्थानांतरित किया जा चुका है। स्टेडियम निर्माण की जिम्मेदारी उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था के रूप में सौंपी गई है।

23.32 करोड़ रुपये की लागत को पाया गया औचित्यपूर्ण

उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, ऊधमसिंह नगर की ओर से स्टेडियम निर्माण के लिए 2374.56 लाख रुपये का आगणन तैयार किया गया था। नियोजन विभाग के टीओसी परीक्षण के बाद 2332.05 लाख रुपये यानी करीब 23.32 करोड़ रुपये की लागत को औचित्यपूर्ण पाया गया है। इससे परियोजना के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।

9.19 हेक्टेयर भूमि में विकसित होगा खेल परिसर

प्रस्तावित स्टेडियम मोदी मैदान के विस्तृत क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। कुल 9.1915 हेक्टेयर भूमि में से करीब 8.594 हेक्टेयर क्षेत्र को स्टेडियम परियोजना के लिए प्रस्तावित किया गया है। मैदान के दोनों ओर सड़कें होने के कारण स्टेडियम तक पहुंच और आवागमन की सुविधा भी बेहतर रहेगी।

खेल के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भी होगा उपयोग

प्रस्तावित स्टेडियम में इंडोर और आउटडोर दोनों तरह की खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे स्थानीय युवाओं को फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन समेत विभिन्न खेलों के अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।

इसके अलावा स्टेडियम का उपयोग सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य बड़े आयोजनों के लिए भी किया जा सकेगा। परियोजना को रुद्रपुर को औद्योगिक नगरी के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button