सितारगंज स्थित पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ बुधवार को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय देवनगर शक्तिफार्म में किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्रों को सामाजिक सेवा से जोड़ते हुए ग्रामीण विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
स्वच्छता, साक्षरता और पर्यावरण संरक्षण पर रहेगा फोकस
शिविर के उद्घाटन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बालमुकुंद तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस शिविर के माध्यम से छात्र गांव में स्वच्छता अभियान चलाएंगे, साक्षरता को बढ़ावा देंगे और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता अभियान संचालित करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों में सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना का विकास करते हैं।
शिक्षकों और एनएसएस अधिकारियों की सहभागिता
इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी बीएल पटेल सहित दिनेश तिवारी, राम जनम चौहान, राजकमल सिंह, हरिशंकर याज्ञिक और नरेश चंद्र बिनवाल उपस्थित रहे। सभी ने शिविर की सफलता के लिए छात्रों को मार्गदर्शन दिया और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।



