
देहरादून। चमोली की नीति घाटी में भारी बारिश के कारण उफान पर आए तमक नाले में लापता हुए BRO के हवलदार पंकज की तलाश के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। हवलदार पंकज के परिजनों की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से मदद की अपील किए जाने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया और खोज एवं बचाव अभियान में तेजी लाने को कहा।
रेस्क्यू ऑपरेशन पर लगातार नजर रखने के निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए लापता जवान की तलाश में हरसंभव प्रयास करने को कहा।
हवलदार पंकज की खोज में सेना, BRO, ITBP, पुलिस, जिला प्रशासन, NDRF और SDRF की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। दुर्गम क्षेत्र और खराब मौसम के बीच रेस्क्यू टीमों की ओर से संभावित स्थानों पर सघन तलाश की जा रही है।
पिथौरागढ़ के रहने वाले हैं हवलदार पंकज
हवलदार पंकज पिथौरागढ़ जिले के निवासी हैं। पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी ने उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय भी परिवार के लगातार संपर्क में है और खोज अभियान की प्रगति की नियमित जानकारी ली जा रही है।
परिजनों से फोन पर बात कर सीएम ने दिया भरोसा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फोन पर हवलदार पंकज के परिजनों से बातचीत कर उनका हाल जाना। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंकज की तलाश के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और रेस्क्यू अभियान में किसी भी स्तर पर कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हवलदार पंकज की तलाश के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को अभियान को पूरी गंभीरता से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि परिवार को हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और हवलदार पंकज की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेगा।



