उत्तराखंडराज्य

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी के संकेत, पेंशन योजना पर 2026 में फैसला संभव

बाजपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर स्थित श्रीराम जानकी मंडप में आयोजित उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के 12वें प्रदेश अधिवेशन में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अधिवेशन के दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सरकार की ओर से उनके हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कल्याण, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर सरकार गंभीरता से काम कर रही है और जल्द ही इस संबंध में उन्हें सकारात्मक समाचार मिल सकता है।

प्रमोशन के जरिए सुपरवाइजर बनने का अवसर

मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने पदोन्नति के माध्यम से उन्हें सुपरवाइजर बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे पात्र कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि सेवानिवृत्ति के समय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलने वाली एकमुश्त धनराशि बढ़ाने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है। इसका उद्देश्य सेवानिवृत्ति के बाद कार्यकर्ताओं को बेहतर वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराना है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पेंशन देने की तैयारी

मंत्री रेखा आर्या ने सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए पेंशन योजना शुरू करने के विकल्प पर गंभीरता से विचार कर रही है।

उन्होंने कहा कि संभव है कि वर्ष 2026 में इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाए। पेंशन की व्यवस्था लागू होने से लंबे समय तक विभाग में सेवाएं देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।

समस्याओं और मांगों पर समाधान का आश्वासन

अधिवेशन के समापन पर संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें मंत्री रेखा आर्या के सामने रखीं। मंत्री ने प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और मांगों के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाती रहेगी।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ की अखिल भारतीय मंत्री सुश्री अंजलि पटेल, क्षेत्र संगठन मंत्री अनुपम, मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष उमेश जोशी, महामंत्री सुमित सिंघल, सरकार में राज्य मंत्री मनजीत सिंह, भगवती बिष्ट, रेणु खोलिया समेत अन्य पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button