उत्तराखंडराज्य

उत्तराखण्ड बोर्ड परीक्षा 2026 के नतीजे घोषित, छात्रों का शानदार प्रदर्शन

देहरादून में उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद् द्वारा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस वर्ष दोनों कक्षाओं के परीक्षाफल में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है, जिससे छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है।

इंटरमीडिएट परीक्षा में 85.11% छात्र सफल

इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 1,02,986 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1,00,452 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 85,499 छात्र-छात्राएं सफल घोषित किए गए, जिससे कुल परिणाम 85.11 प्रतिशत रहा। इस बार भी बालिकाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 88.09 प्रतिशत सफलता हासिल की, जबकि बालकों का परिणाम 81.93 प्रतिशत दर्ज किया गया।

संस्थागत परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 85.93 रहा, जबकि व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का परिणाम 61.48 प्रतिशत रहा। कुल 7,814 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर सम्मान के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की। प्रथम श्रेणी में 41,507, द्वितीय श्रेणी में 34,987 और तृतीय श्रेणी में 330 छात्र सफल हुए।

इंटरमीडिएट टॉपर्स की सूची

इंटरमीडिएट परीक्षा में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। दोनों ने 98.00 प्रतिशत अंक (490/500) प्राप्त किए। आर्यन 97.80 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि वंशिका ने 97.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।

हाईस्कूल परीक्षा में 92.10% परिणाम

हाईस्कूल परीक्षा 2026 में कुल 1,12,266 छात्रों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 1,08,983 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 1,00,373 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए, जिससे कुल परिणाम 92.10 प्रतिशत रहा। यहां भी बालिकाओं ने 96.07 प्रतिशत सफलता दर के साथ बाजी मारी, जबकि बालकों का परिणाम 88.03 प्रतिशत रहा।

संस्थागत परीक्षार्थियों का परिणाम 92.47 प्रतिशत और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 65.05 प्रतिशत रहा। इस परीक्षा में 7,935 छात्रों ने सम्मान के साथ सफलता हासिल की। प्रथम श्रेणी में 30,734, द्वितीय श्रेणी में 46,708 और तृतीय श्रेणी में 14,986 छात्र-छात्राएं सफल हुए।

हाईस्कूल टॉपर्स ने किया कमाल

हाईस्कूल परीक्षा में अक्षत गोपाल ने 98.20 प्रतिशत अंक (491/500) प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। इशांत कोठारी और भूमिका ने 98.00 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि योगेश जोशी 97.80 प्रतिशत अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहे।

बागेश्वर जिले ने दोनों परीक्षाओं में मारी बाजी

इस वर्ष बागेश्वर जनपद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंटरमीडिएट में 94.81 प्रतिशत और हाईस्कूल में 96.98 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया।

पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर रहा प्रदर्शन

इस साल दोनों परीक्षाओं के परिणाम में वृद्धि दर्ज की गई है। इंटरमीडिएट में 1.88 प्रतिशत और हाईस्कूल में 1.33 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जो राज्य की शिक्षा प्रणाली में सुधार का संकेत देती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button