
रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंह नगर में मनःप्रभावी औषधि ट्रामाडोल की बिक्री और भंडारण के सत्यापन को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश और उप औषधि नियंत्रक के निर्देशन में उपजिलाधिकारी काशीपुर अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में औषधि एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने काशीपुर स्थित विभिन्न थोक मेडिकल प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।
दो प्रतिष्ठानों के क्रय-विक्रय पर रोक
छापेमारी के दौरान जय लक्ष्मी सर्जिकल, काशीपुर और बंसल फार्मास्यूटिकल, काशीपुर में ट्रामाडोल की खरीद के सापेक्ष बिक्री और भुगतान का रिकॉर्ड सत्यापन के दौरान उपलब्ध नहीं पाया गया। इस पर दोनों प्रतिष्ठानों के औषधि संबंधी क्रय-विक्रय पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी गई। साथ ही दोनों दुकानों को बंद करने की कार्रवाई की गई।
फर्म स्वामी के नहीं मिलने पर यूनिक सर्जिकल सील
इसी क्रम में यूनिक सर्जिकल, मोहल्ला अल्लीखां का भी निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान फर्म स्वामी मौके से चले गए और बुलाए जाने के बावजूद उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद प्रशासन ने फर्म को सील करने की कार्रवाई की।
नाइस मेडिकोज को सात दिन में दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश
वहीं, नाइस मेडिकोज, काशीपुर को ट्रामाडोल के क्रय-विक्रय से संबंधित सभी दस्तावेज सात दिवस के भीतर सत्यापन के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
प्रशासन के अनुसार जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में ट्रामाडोल सहित संबंधित औषधियों की बिक्री और भंडारण की जांच के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने औषधि कारोबारियों को नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
संयुक्त टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
छापेमारी अभियान में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक, ऊधमसिंह नगर नीरज कुमार, वरिष्ठ औषधि निरीक्षक, नैनीताल मीनाक्षी बिष्ट, औषधि निरीक्षक, ऊधमसिंह नगर निधि शर्मा और शुभम कोटनाला तथा औषधि निरीक्षक, नैनीताल अर्चना शामिल रहीं।


