उत्तराखंडराज्य

रक्षाबंधन पर बहनों को डाक विभाग का तोहफा, 500 रुपये में देश-विदेश भेजें ‘राखी बॉक्स’

देहरादून। रक्षाबंधन के पावन पर्व को देखते हुए उत्तराखंड डाक परिमंडल ने बहनों की सुविधा के लिए विशेष पहल शुरू की है। इसके तहत अब बहनों को राखी, रोली-चावल और शुभकामना संदेश अलग-अलग भेजने की जरूरत नहीं होगी। डाक विभाग ने इन सभी सामग्रियों को एक आकर्षक ‘राखी बॉक्स’ में उपलब्ध कराया है।

देहरादून जीपीओ में इस विशेष सुविधा का शुभारंभ मुख्य पोस्टमास्टर जनरल एमयू अब्दाली और निदेशक डाक सेवाएं डीके मिस्त्री ने किया। इस दौरान अधिकारियों ने ‘राखी बॉक्स’ का अनावरण कर योजना की शुरुआत की।

इस अवसर पर मुख्य पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि डाक विभाग हमेशा आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई योजनाएं और सेवाएं शुरू करता रहा है। उन्होंने कहा कि ‘राखी बॉक्स’ योजना बहनों के लिए राखी भेजने की प्रक्रिया को आसान बनाएगी। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

राखी के साथ कई उपहार भी शामिल

विशेष ‘राखी बॉक्स’ में राखी के साथ रोली-चावल, की-चेन, फ्रिज मैग्नेट और शुभकामना संदेश के लिए पोस्टकार्ड भी शामिल किया गया है। इससे बहनों को रक्षाबंधन के अवसर पर अपने भाई-बहनों तक राखी के साथ शुभकामनाएं और अन्य सामग्री एक ही पैकेट में भेजने की सुविधा मिलेगी।

देश-विदेश में ट्रैकिंग के साथ डिलीवरी

डाक विभाग के अनुसार, ‘राखी बॉक्स’ को सुरक्षित पैकेजिंग और ट्रैकिंग सुविधा के साथ देश-विदेश में भेजा जा सकेगा। इसकी कीमत 500 रुपये निर्धारित की गई है।

यह विशेष ‘राखी बॉक्स’ देहरादून जीपीओ के साथ ही उत्तराखंड के अन्य जिलों के मुख्य डाकघरों से भी प्राप्त किया जा सकता है। इसके अलावा इसकी बुकिंग स्पीड पोस्ट काउंटर पर भी उपलब्ध रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button