राष्ट्रिय

पीएम मोदी आज कोलकाता में करेंगे करोड़ों की परियोजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन, ममता सरकार पर करेंगे राजनीतिक प्रहार

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 मार्च को कोलकाता से पश्चिम बंगाल को लगभग 18,680 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उपहार देंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, रेलवे, बंदरगाह और जहाजरानी से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

इन परियोजनाओं में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी 420 किलोमीटर से अधिक लंबाई वाली राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिनकी लागत करीब 16,990 करोड़ रुपये है। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-19 और एनएच-114 के कई हिस्से शामिल हैं।

श्री मोदी एनएच-116ए पर 231 किलोमीटर लंबे खड़गपुर-मोरग्राम आर्थिक गलियारे के निर्माण की आधारशिला भी रखेंगे। इस परियोजना से खड़गपुर और सिलीगुड़ी के बीच दूरी करीब 120 किलोमीटर कम होगी और यात्रा समय में सात से आठ घंटे की बचत होगी।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी एनएच-14 पर दुबराजपुर बाईपास और कांगशबाती व शिलाबाती नदियों पर नए चार लेन पुलों की भी आधारशिला रखेंगे।
श्री मोदी श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स के बर्थ नंबर-2 के मशीनीकरण और खिद्दरपुर डॉक्स के जीर्णोद्धार की परियोजनाएं शामिल हैं।
साथ ही हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स में बर्थ नंबर-5 के मशीनीकरण, कोलकाता डॉक सिस्टम में बैस्क्यूल ब्रिज के नवीनीकरण और नदी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नदी क्रूज टर्मिनल के निर्माण की आधारशिला भी रखी जाएगी।
रेल सेक्टर में प्रधानमंत्री मोदी पुरुलिया-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच रेल संपर्क बेहतर होगा।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पश्चिम बंगाल के छह पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इनमें कामाख्यागुड़ी, अनारा, तामलुक, हल्दिया, बीरभूम और सिउरी स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा बेल्डा-दंतान के बीच तीसरी रेल लाइन और कलाइकुंडा-कनिमोहुली के बीच स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button